
टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल इस वक्त क्रिकेट की दुनिया में अपने सुनहरे दौर से गुजर रहे हैं. इंग्लैंड दौरे से लेकर अब तक उनके बल्ले से रन की झड़ी लगी है, और अब दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने वो कर दिखाया जो किसी ने सोचा भी नहीं था. टेस्ट की पहली पारी में जैसे ही उन्होंने 35 रन पूरे किए, वैसे ही उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस कमाल के साथ गिल ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पछाड़ते हुए भारतीय टेस्ट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया.
गिल बने भारत के WTC किंग
शुभमन गिल अब तक 71 पारियों में 2,732 रन बना चुके हैं, जबकि ऋषभ पंत के नाम 67 पारियों में 2,731 रन थे यानी सिर्फ एक रन ने गिल को भारत का WTC किंग बना दिया. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 69 पारियों में 2,716 रन बनाए हैं, जबकि चौथे पर विराट कोहली और पांचवें पर रवींद्र जडेजा हैं. ये साफ हो गया है कि भारत के टॉप बल्लेबाजों की सूची में अब शुभमन गिल सबसे ऊपर हैं. उनके शानदार खेल ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य अब उनके कंधों पर पूरी मजबूती से टिका है.
बल्लेबाजी देख हर क्रिकेट फैन रोमांचित
वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी देख हर क्रिकेट फैन रोमांचित है. हर शॉट में क्लास, हर रन में आत्मविश्वास और हर पारी में जिम्मेदारी यही शुभमन की पहचान बन चुकी है. दिल्ली की पिच पर जैसे ही उनका बल्ला चला, वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की लय बिगड़ गई. गिल ने शांत स्वभाव में, लेकिन धमाकेदार अंदाज़ में जवाब दिया. क्रिकेट प्रेमियों का कहना है शुभमन का बल्ला अब सिर्फ रन नहीं, इतिहास लिख रहा है. उनके हर कवर ड्राइव और स्ट्रेट शॉट में वो क्लास झलकती है जो उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाती है.
इसे भी पढ़ें : Police on Alert: जेपीएनआईसी में बढ़ाई गई सुरक्षा, अखिलेश यादव को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट पर
बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे
इतना ही नहीं, शुभमन गिल ने इस पारी के दौरान बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं. वो भारत के 12वें कप्तान बन गए हैं जिन्होंने यह माइलस्टोन हासिल किया है. अब उनका अगला लक्ष्य विराट कोहली के 12,883 रन के विशाल रिकॉर्ड को तोड़ना है. इस वक्त उनका आत्मविश्वास आसमान पर है और फॉर्म लाजवाब. कोच से लेकर फैंस तक सब एक ही बात कह रहे हैं अब शुभमन ही हैं टीम इंडिया के नए स्टार, जिन्होंने पंत और रोहित दोनों को पीछे छोड़ दिया.