
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में भी टीम इंडिया का शानदार और धुंआधार प्रदर्शन देखने को मिला. बता दें कि मैच के पहले दिन ही टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. 90 ओवर में 2 विकेट पर 318 रन बनाकर टीम ने वेस्टइंडीज को दबाव में बनाए रखा. वहीं दूसरे दिन के खेल की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने की. पिच से सुबह के समय गेंदबाजों को कुछ मदद मिल रही थी, लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ धीरे- धीरे रन जोड़े. वहीं दूसरे दिन के मैच के दौरान लंच होने तक भारत ने 4 विकेट पर 427 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया है. फिलहाल कप्तान शुभमन गिल 75 रन पर नाबाद हैं जबकि ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर उनके साथ क्रीज पर टिके हुए हैं.
जायसवाल ने खेली 175 रनों की शानदार पारी
वहीं दूसरे दिन के शुरुआती ओवर में यशस्वी जायसवाल के रन आउट होने पर भारत को बड़ा झटका लगा. यशस्वी ने 175 रनों की शानदार पारी खेली. बता दें कि यह रन आउट थोड़ी गफलत में हो गया. क्रीज पर रन लेने के दौरान गिल के “न” कहने के बाद भी यशस्वी आधी क्रीज तक पहुंच चुके थे और थ्रो सीधा विकेटकीपर के हाथों में गया. वही यशस्वी के विकेट के साथ भारत का स्कोर 3 विकेट पर 325 रन हो गया. जायसवाल के आउट होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी बल्लेबाजी के लिए उतरे.
अर्धशतक बनाने से भी चूके रेड्डी
मैदान पर उतरते ही नीतीश ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया. वहीं क्रीज पर मौजूद शुभमन गिल ने अपनी फिफ्टी पूरी की और दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हुई. रेड्डी ने जोमेल वार्रिकन के खिलाफ दो शानदार छक्के भी जड़े. इस बीच भारत का स्कोर तेजी से बढ़कर 400 रन के पार चला गया. मगर नीतीश कुमार रेड्डी अर्धशतक बनाने से भी चूक गए. उन्होंने 54 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे. जोमेल वार्रिकन की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में वह लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए. यह भारत का चौथा विकेट था और स्कोर 416 रन पर पहुंच चुका था.
इसे भी पढ़ें : Diwali पर मोदी सरकार ने खोला खजाना, CCS कर्मचारियों को दिया ये खास तोहफा !
शतक के करीब पहुंचे गिल
जिसके बाद भारत ने लंच तक 26 ओवरों में 109 रन जोड़े और कुल स्कोर 427/4 तक पहुंचाया. शुभमन गिल 75 रन पर नाबाद हैं और वह शतक के करीब पहुंच चुके हैं. ध्रुव जुरेल भी क्रीज पर मौजूद हैं और 7 रन बनाकर गिल का साथ निभा रहे हैं. भारत अब वेस्टइंडीज पर पूरी तरह से अपना दबाव बना चुका है और धीरे-धीरे बड़े स्कोर की तरफ बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है.