Added Sugar Effects: गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक देने और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नींबू पानी पीना हम सबकी पहली पसंद होती है। विटामिन-सी से भरपूर यह ड्रिंक हमारी इम्यूनिटी बढ़ाता है और पाचन को दुरुस्त रखता है। लेकिन अक्सर लोग इसका स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें भरपूर मात्रा में चीनी मिला देते हैं। यही आदत इस हेल्दी ड्रिंक के फायदों को कम कर सकती है। अगर आप भी रोजाना नींबू पानी पीते हैं, तो यह जानना जरूरी है कि इसमें जरूरत से ज्यादा चीनी मिलाना आपकी सेहत के लिए सही नहीं माना जाता।
शरीर को रखता है तरोताजा
भारतीय घरों में बनने वाले नींबू पानी में अक्सर भुना जीरा, सेंधा या काला नमक मिलाया जाता है। यह मिश्रण शरीर को हाइट्रेट रखता है साथ ही जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी भी पूरी करता है। गर्मियों के दिनों में तुरंत राहत पाने के लिए यह ड्रिंक बहुत फायदेमंद मानी जाती है। अगर आयुर्वेद की बात करें तो वहां भी नींबू पानी को काफी लाभदायक माना जाता है। शरीर को तरोताजा रखने के लिए लोग सुबह की शुरूआत गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीने से करते हैं। नींबू में मौजूद विटामिन-सी शरीर की इम्यून क्षमता को मजबूत बनाने में जरूरी भूमिका निभाता है।
चीनी मिलाने से हो सकती हैं ये दिक्कतें
एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर नींबू पानी में ज्यादा चीनी मिलाई जाए तो इससे कैलोरी बढ़ जाती है। इसका नियमित सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल प्रभावित होता है और अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए कई एक्सपर्ट्स मानते हैं कि नींबू पानी को बिना चीनी ही पीना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Yoga And Alzheimer Disease: दवा ही नहीं, योग भी है अल्जाइमर का इलाज! AIIMS की नई स्टडी में हुआ बड़ा खुलासा
नींबू पानी ही नहीं संतरे जूस में भी नहीं मिलानी चाहिए चीनी
संतरे का जूस भी बिना चीनी के पीने की सलाह दी जाती है। संतरे में प्राकृतिक रूप से मिठास होती है, इसमें अतिरिक्त चीनी मिलाने की जरूरत नहीं होती है। बिना चीनी वाला संतरे का जूस विटामिन-सी के लिए बढ़िया सोर्स है और शरीर को हाइट्रेट रखने में बेहद असरदार होता है।
चीनी की जगह ये चीजें मिलाने से बढ़ेगा स्वाद
अगर आपको नींबू पानी का स्वाद बिना चीनी के बढ़ाना है तो आप उसमें पुदीने की पत्तिया, काला या सेंधा नमक मिला सकते हैं। साथ ही आप काले जीरे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे न सिर्फ आपके नींबू पानी का स्वाद बढ़ेगा बल्कि शरीर को पौष्टिक तत्व भी मिलेंगे, जो शरीर के लिए बेहद जरूरी हैं। वहीं संतरे के जूस की बात करें तो संतरे के जूस को हमेशा ताजा और बिना चीनी ही पीना चाहिए। अगर आप संतरे का फ्रेश जूस पीएंगे तो ये बेहद स्वादिष्ट लगेगा और आपको इसका स्वाद बढ़ाने के लिए किसी भी अन्य चीज की जरूरत नहीं पड़ेगी।