Ginger Tea Side Effects: शायद ही कोई ऐसा होगा जिसे टपरी पर खौलती हुई अदरक वाली चाय की खुशबू अपनी ओर न खींचती हो। मौसम चाहे बारिश का हो या सर्दियों का या फिर सिर दर्द से छुटाकारा पाना है, तो लोग एक कप कड़क अदरक वाली चाय पीना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह पसंदीदा चाय आपको अस्पताल के चक्कर भी लगवा सकती है? जी हां, जरूरत से ज्यादा अदरक का सेवन सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
एक दिन में कितना अदरक लेना सही
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में 4 ग्राम से ज्यादा अदरक का सेवन नहीं करना चाहिए। वैसे तो सिर्फ चाय के जरिए इस लिमिट को पार करना मुश्किल है, लेकिन अगर आप दिनभर में कई बार अदरक की चाय पीते हैं, साथ में काढ़ा लेते हैं या खाने में भी अदरक ज्यादा खाते हैं, तो यह मात्रा आसानी से बढ़ सकती है।
अदरक का चाय ज्यादा पीने के नुकसान
अगर आप जरूरत से ज्यादा अदरक वाली चाय पीते हैं, तो इससे आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कुछ लोगों को अदरक की चाय पीने के बाद सीने में जलन, एसिडिटी और पेट में हल्की जलन हो सकती है। कुछ लोगों को अदरक से एलर्जी भी हो सकती है। अगर चाय पीने के बाद मुंह या शरीर पर चकत्ते पड़ें, खुजली हो या पेट में तेज दर्द हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: AIIMS Bilaspur: मरीज से पहले AIIMS पहुंचेगी मेडिकल फाइल! 'आपात सेतु' ऐप से अब सेकंडों में शुरू होगा इमरजेंसी इलाज
इन लोगों को रहना चाहिए सावधान
जिन लोगों को गॉलब्लैडर की पथरी या अन्य कोई समस्या है, उन्हें अदरक से बचना चाहिए। अदरक बीपी को कम करने का काम करता है। इसलिए जिनका ब्लड प्रेशर पहले से कम रहता है या जो बीपी की दवा खा रहे हैं, उन्हें ज्यादा अदरक लेने से दिक्कत बढ़ सकती है। इसके अलावा अगर आपको ब्लीडिंग डिसऑर्डर है या आप खून पतला करने की दवा ले रहे हैं, तो इसका अधिक सेवन खतरनाक हो सकता है।
सही मात्रा में लेने के फायदे
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप अदरक की चाय पीना ही छोड़ दें। सही मात्रा में इसका सेवन कई लोगों के लिए फायदेमंद भी हो सकता है। सफर के दौरान या सामान्य तौर पर होने वाली उल्टी-मतली में यह तुरंत आराम देती है। कुछ लोगों को सर्जरी या कीमोथेरेपी के बाद होने वाली मतली में भी इससे फायदा मिलता है। इसके अलावा अदरक में मौजूद जिंजरोल नाम का तत्व शरीर में सूजन कम करने में मदद कर सकता है।