SIM Card Limit : देश में मोबाइल सिम को लेकर एक अहम बदलाव होने जा रहा है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि 24 अगस्त 2026 से ऐसे लोगों को नया मोबाइल कनेक्शन न दिया जाए, जिनके नाम पहले से तय सीमा तक सिम दर्ज हैं।
एक व्यक्ति के नाम कितने सिम हो सकते हैं
मौजूदा नियम के अनुसार, देश के ज्यादातर हिस्सों में एक व्यक्ति के नाम अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन हो सकते हैं। यह सीमा अलग-अलग कंपनियों के सिम को मिलाकर लागू होती है। यानी किसी व्यक्ति के पास जियो, एयरटेल, वीआई या दूसरी कंपनियों के सिम हैं, तो सभी नंबर मिलाकर गिने जाएंगे। हालांकि जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर राज्यों में यह सीमा 6 मोबाइल कनेक्शन की है।
24 अगस्त से क्या बदलेगा
24 अगस्त से टेलीकॉम कंपनियों को नया सिम देने से पहले यह जांच करनी होगी कि ग्राहक के नाम पहले से कितने मोबाइल कनेक्शन हैं। अगर किसी व्यक्ति के नाम 9 सिम पहले से दर्ज हैं, तो उसे 10वां सिम नहीं दिया जाएगा। इसके लिए टेलीकॉम कंपनियां सरकार के डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) की मदद लेंगी। इस प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल कनेक्शन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किसी व्यक्ति के नाम पहले से कितने नंबर चल रहे हैं।
23 अगस्त से फोटो की भी होगी मदद
सरकार की व्यवस्था के तहत 23 अगस्त से DIP पर उन ग्राहकों की पहचान से जुड़ी फोटो उपलब्ध कराई जाएगी, जिनके नाम पर तय सीमा तक मोबाइल कनेक्शन पहले से मौजूद हैं। इससे कंपनियों को अतिरिक्त सिम जारी करने से रोकने में मदद मिलेगी।
सरकार ने क्यों लिया यह फैसला
इस कदम का मकसद मोबाइल कनेक्शन के गलत इस्तेमाल को रोकना है। कई बार फर्जी पहचान के जरिए लिए गए सिम का इस्तेमाल साइबर अपराध, धोखाधड़ी और दूसरे गलत कामों में किया जाता है। सरकार मोबाइल नंबरों की जांच व्यवस्था को मजबूत करके ऐसे मामलों पर रोक लगाना चाहती है।
इसे भी पढ़ें : धूप में सांवला होने का नया जुनून, ‘टैनमैक्सिंग’ से त्वचा को कितना नुकसान?
आम लोगों को क्या करना चाहिए
अगर आपके नाम पर कई पुराने या इस्तेमाल न होने वाले सिम हैं, तो एक बार उनकी जानकारी जरूर जांच लें। खासकर तब, जब आपने कभी अपना पहचान पत्र देकर किसी दूसरे व्यक्ति के लिए सिम लिया हो। इससे आपको पता चल सकेगा कि आपके नाम पर कोई ऐसा नंबर तो नहीं चल रहा, जिसका आप इस्तेमाल ही नहीं करते। इसलिए 24 अगस्त से हर किसी का सिम बंद नहीं होगा। यह नियम मुख्य रूप से उन लोगों के लिए है जो अपने नाम पर तय सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन लेना चाहते हैं।