UGC Scholarship 2026: देश में बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) एक शानदार योजना चला रहा है। जिसका नाम 'पोस्ट ग्रेजुएट इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप फॉर सिंगल गर्ल चाइल्ड' योजना है। इस योजना के तहत उन छात्राओं को आर्थिक मदद दी जाती है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और नियमित रूप से पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की पढ़ाई कर रही हैं। इस योजना का उद्देश्य देश में बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
क्या मिलेगा फायदे
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की इस योजना के तहत चयनित छात्राओं को हर साल 36,200 रुपये की स्कॉलरशिप दी जाती है। यह मदद दो सालों तक मिलती है, यानी कुल मिलाकर छात्राओं को 72,400 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए सीधे छात्राओं के बैंक खाते में भेजी जाती है। हर साल देश भर की लगभग 3,000 छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलता है।
सालाना कमाई की कोई शर्त नहीं
इस स्कॉलरशिप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें परिवार की सालाना कमाई की कोई शर्त नहीं है। परिवार की आर्थिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, अगर छात्रा पात्रता के नियमों को पूरा करती है, तो वह आवेदन कर सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन
आपको बता दें कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रा अपने माता-पिता की एकमात्र संतान होनी चाहिए। अगर किसी परिवार में केवल दो जुड़वां बेटियां हैं, तो वे दोनों भी इस स्कॉलरशिप के लिए पात्र होंगी। आवेदन करने वाली छात्रा की आयु मास्टर डिग्री (PG) के पहले साल में एडमिशन के समय 30 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए। छात्रा को किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या कॉलेज से नियमित और फुल-टाइम मास्टर डिग्री कोर्स के पहले साल में पढ़ाई कर रही हो।
यह भी पढ़ें: UP TGT Answer Key 2026: यूपी टीजीटी भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी, इस लिंक से करें डाउनलोड
किस कोर्स के लिए मिलेगा स्कॉलरशिप
बता दें कि यह स्कॉलरशिप केवल सामान्य गैर-व्यावसायिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध है। इसमें एमए, एमएससी, एमकॉम जैसे सामान्य पीजी कोर्स शामिल हैं। इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट या लॉ जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने वाली छात्राओं को इसका लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही, डिस्टेंस या ओपन लर्निंग से पढ़ाई करने वाली छात्राएं भी इसके लिए पात्र नहीं हैं।
कैसे करें आवेदन
इस योजना का लाभ लेने के लिए छात्राओं को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (National Scholarship Portal) पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। पोर्टल पर जाकर 'Post Graduate Indira Gandhi Scholarship for Single Girl Child' योजना का चयन कर फॉर्म भरना होगा।