फ्लाइट से यात्रा करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है, लेकिन टिकट की कीमतें कई बार यात्रियों का बजट बिगाड़ देती हैं। खासकर छुट्टियों, त्योहारों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान किराया तेजी से बढ़ जाता है। हालांकि, अगर टिकट बुक करते समय कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए तो आप अच्छी-खासी बचत कर सकते हैं और कम कीमत में फ्लाइट टिकट हासिल कर सकते हैं।
छोटे एयरपोर्ट और अलग एयरलाइंस का करें इस्तेमाल
अगर आपके शहर के आसपास एक से अधिक एयरपोर्ट हैं तो टिकट बुक करने से पहले सभी विकल्पों की जांच करें। कई बार छोटे या कम व्यस्त एयरपोर्ट से उड़ानें काफी सस्ती मिल जाती हैं। इसके अलावा आने और जाने के लिए एक ही एयरलाइन चुनना हमेशा फायदेमंद नहीं होता। अलग-अलग एयरलाइंस की कीमतों की तुलना करके दोनों दिशाओं की टिकट अलग-अलग बुक करने पर किराया कम हो सकता है।
पहले से करें प्लानिंग
फ्लाइट टिकट आखिरी समय में बुक करने पर अक्सर काफी महंगी पड़ती है। यदि आपकी यात्रा की तारीख पहले से तय है तो कम से कम एक से डेढ़ महीने पहले टिकट बुक करने की कोशिश करें। एडवांस बुकिंग करने पर बेहतर किराया मिलने की संभावना अधिक रहती है।
ये भी पढ़ें : Passport बनवाना हुआ महंगा! 1 July से लागू हुई नई फीस, बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगी राहत
किरायों की तुलना जरूर करें
टिकट बुक करने से पहले अलग-अलग एयरलाइंस और ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर किराए की तुलना करना जरूरी है। कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्राइस ट्रैकिंग की सुविधा भी देते हैं, जिससे किराया कम होने पर आपको तुरंत जानकारी मिल जाती है। इससे सही समय पर कम कीमत में टिकट बुक करना आसान हो जाता है।
अनावश्यक सुविधाओं से बचें
फ्लाइट टिकट बुक करते समय कई बार एयरलाइंस भोजन, सीट चयन, यात्रा बीमा या अन्य अतिरिक्त सेवाएं पहले से जोड़ देती हैं। यदि आपको इन सुविधाओं की आवश्यकता नहीं है तो इन्हें हटाकर केवल बेस टिकट चुनें। इससे कुल किराया काफी कम हो सकता है।
वीकेंड के बजाय सामान्य दिनों में करें बुकिंग
वीकेंड और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से टिकट के दाम भी अधिक रहते हैं। यदि संभव हो तो टिकट की बुकिंग सप्ताह के सामान्य दिनों में करें और यात्रा की तारीखों में थोड़ा लचीलापन रखें। इससे कम किराए वाले विकल्प मिलने की संभावना बढ़ जाती है और आपकी यात्रा का खर्च भी कम हो सकता है।