
मेरठ के टोल प्लाजा पर सेना के जवान के साथ हुई मारपीट पर घटना को अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं. वहीं एक और ऐसी ही घटना बिजनौर से सामने आई है. जहां पर एक फौजी के साथ ढाबे पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि छुट्टी पर गांव आया फौजी ढाबे पर अपने दो भाइयों के साथ खाना खाने पहुंचा था. इस दौरान खाने को लेकर ढाबा संचालक से विवाद हो गया. इसके बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई. इस मारपीट के दौरान फौजी सिर पर लाठी लगने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई का अस्पताल में इलाज जारी है.
गुस्साए परिजनों ने किया स्टेट हाईवे जाम
वहीं इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणाों और किसान संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया. इसके साथ ही हाईवे पर शव रखने के कारण कई घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहा. दूसरी तरफ घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद गुस्साए लोगों को अफसरों द्वारा काफी समझाने- बुझाने के बाद घरवाले युवक के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी कोई बात नहीं सुनी, बल्कि घायल होने के बाद पुलिस ने उनके पक्ष के ही युवक को थाने में बैठा लिया है.
फौजी का ढाबा संचालक से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव वाजिदपुर निवासी 24 वर्षीय अभिषेक चौधरी बुधवार रात अपने चचेरे भाइयों हिमांशु और शिवम के साथ साढ़े नौ बजे खतापुर के पास ढाबे पर खाना खाने गया था. वहीं हिमांशु सेना में तैनात है और छुट्टियों में गांव आया हुआ था. ढाबे पर खाना खाने के दौरान तीनों भाइयों का ढाबा संचालक विक्की कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों मे मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान यूपी-112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई. आरोप है कि जब पुलिस अभिषेक, हिमांशु और शिवम को गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगी. तो ढाबा संचालक पक्ष के लोगों ने पीछे से बल्ली और डंडे से हमला कर दिया. इस दौरान अभिषेक और फौजी हिमांशु सिर में बल्ली-डंडा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. शिवम को भी काफी चोट आई थी. इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल ले गए. उधर दूसरी तरफ पुलिस शिवम और ढाबा संचालक को पकड़कर थाने ले गई. अभिषेक चौधरी को मेडिकल कालेज अस्पताल हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जहां मेरठ ले जाते समय आधी रात को उसकी रास्ते में ही मौत हो गई. आरोप है कि पुलिस ने रात में ढाबा संचालक को छोड़ दिया, लेकिन शिवम को थाने में बैठाए रखा.
इसे भी पढ़ें : Rohit के ‘चहेते’ का दिल्ली में कमाल, कर डाला West Indies के गेंदबाजों का कल्याण, शतक ठोक बनाया ये खास रिकॉर्ड!
मामले में की जा रही उचित कार्रवाई- एसपी
अभिषेक की मौत के बाद परिजनों ने शव के साथ हाइवे पर जाम लगा दिया. सूचना पर एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. जहां पर घरवाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए और पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने में लगे रहे. जिसके बाद दोपहर करीब 12 बजे जाम खोल दिया गया. एसपी अभिषेक झा ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है.