
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि विपक्षी गेंदबाजों के हाथ-पैर फूल गए. टीम इंडिया के इस युवा ओपनर ने सिर्फ 47वीं पारी में अपना 7वां टेस्ट शतक ठोककर इतिहास रच दिया. महज 23 साल की उम्र में यशस्वी ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जहां तक पहुंचना दिग्गजों के लिए भी आसान नहीं था. उनके इस शतक ने कप्तान रोहित शर्मा का भी दिल जीत लिया, जो लंबे समय से यशस्वी को टीम का भविष्य बताते आए हैं.
सचिन तेंदुलकर के बाद हासिल किया बड़ा मुकाम
यशस्वी अब 24 साल से कम उम्र में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनसे आगे सिर्फ क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने इस उम्र तक 11 शतक जड़े थे। वहीं यशस्वी के नाम अब 7 शतक हो गए हैं. उन्होंने इस लिस्ट में रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. इतना ही नहीं, दुनिया के स्तर पर उन्होंने जावेद मियांदाद, केन विलियम्सन, एलिस्टेयर कुक और ग्रीम स्मिथ जैसे बड़े नामों की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 24 साल से पहले 7-7 टेस्ट शतक लगाए थे.
कम वक्त के खेल से खींचा पूरी दुनिया का ध्यान
जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले यशस्वी ने बहुत कम वक्त में अपने खेल से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. उनका धैर्य, तकनीक और स्ट्रोक प्ले उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में उन्होंने 145 गेंदों में शतक पूरा किया और इसके बाद रनगति को और तेज करते हुए गेंदबाजों की धुनाई जारी रखी. लंच से पहले जहां वह संभलकर खेल रहे थे, वहीं लंच के बाद उनका बल्ला तूफान बन गया.
इसे भी पढ़ें : काली पट्टी बांधकर क्यों उतरे थे मैदान में खिलाड़ी, एक क्लिक में जानिए
50 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3000 रन पूरे
अगर आंकड़ों की बात करें तो यशस्वी जायसवाल अब तक 50 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3000 रन पूरे कर चुके हैं. उनके इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि भारत को एक और भरोसेमंद ओपनर मिल गया है. सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों की विरासत को आगे बढ़ाने की क्षमता अब यशस्वी में साफ दिख रही है. दिल्ली की पिच पर वेस्टइंडीज के गेंदबाज सिर्फ एक नाम यशस्वी जायसवाल से परेशान दिखे. अब क्रिकेट फैंस को इंतजार है कि और कौन से रिकॉर्ड अब आगे यशस्वी तोड़ते हैं