टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच ऐसा मुकाबला हुआ जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी 19.4 ओवर में 187 रन पर ही सिमट गई। स्कोर बराबर होते ही मैच सुपर ओवर में पहुंच गया और रोमांच चरम पर पहुंच गया।
पहला सुपर ओवर भी रहा बराबरी पर
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 17 रन बनाए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया। जवाब में साउथ अफ्रीका को आखिरी गेंद पर छक्के की जरूरत थी और ट्रिस्टन स्टब्स ने दबाव में बड़ा शॉट लगाकर मैच को फिर से बराबरी पर ला दिया। सुपर ओवर भी टाई होने के बाद मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में चला गया।
दूसरे सुपर ओवर में अफ्रीका का पलड़ा भारी
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 23 रन ठोक दिए। डेविड मिलर ने तेज 16 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अब अफगानिस्तान को जीत के लिए 24 रन चाहिए थे। मोहम्मद नबी दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीन लगातार छक्के लगाकर उम्मीद जगा दी। आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे, मगर गुरबाज कैच दे बैठे और साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज कर ली।
डी कॉक और रिकेल्टन की शानदार शुरुआत
इससे पहले साउथ अफ्रीका की पारी में क्विंटन डी कॉक ने 59 और रयान रिकेल्टन ने 61 रन बनाए। दोनों के बीच 114 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 3 विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने 2 सफलताएं हासिल कीं।
इसे भी पढ़ें : डेटा पर घमासान, Rahul Gandhi बोले- America और China की नजर, क्या भारत की ताकत पर हो रहा कब्जा?
गुरबाज की विस्फोटक पारी बेकार गई
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान को रहमानुल्लाह गुरबाज ने तेज शुरुआत दी। उन्होंने 42 गेंदों में 84 रन की दमदार पारी खेली और मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा साथ नहीं मिला। पूरी टीम 187 रन पर आउट हो गई। साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने अहम 3 विकेट झटके।
अब मुश्किल में अफगानिस्तान
इस हार के बाद अफगानिस्तान के लिए सुपर-8 की राह कठिन हो गई है। अब उन्हें अपने बाकी दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे और दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। यह मुकाबला भले ही हार में बदला, लेकिन अफगानिस्तान ने साबित कर दिया कि वह किसी भी बड़ी टीम को कड़ी टक्कर दे सकता है।