SP Congress 150 Seats Demand : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस के 150 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस का प्रदेश में इतना मजबूत जनाधार है तो उसे सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़कर अपनी ताकत दिखानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बैठकर बड़े-बड़े दावे करने से जनाधार नहीं बनता।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना
आईपी सिंह ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें राजनीति में आए करीब ढाई दशक हो चुके हैं, लेकिन कांग्रेस की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखा। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने वर्षों में संगठन कितना मजबूत हुआ और कार्यकर्ताओं को जमीन पर कितनी ताकत मिली। सपा नेता ने कहा कि राजनीति केवल मंचों और कैमरों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के बीच लगातार संघर्ष और संगठन खड़ा करने से जनाधार बनता है।
ये भी पढ़ें : विज्ञापनों पर करोड़ों का खर्च! RTI में खुला सरकारी प्रचार का पूरा हिसाब, सबसे ज्यादा पैसा यहां हुआ खर्च
मध्य प्रदेश का भी किया जिक्र
सपा नेता ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 120 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस से अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि जनता के बीच उसकी वास्तविक स्थिति क्या है, यह साफ होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला जनता ही करती है, न कि राजनीतिक दावे और बयान।
गठबंधन पर बढ़ सकती है मुश्किलें
2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था और दोनों दलों के गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन भी किया था। इसी वजह से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों के साथ रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। आईपी सिंह की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अखिलेश यादव पहले ही अपनी पार्टी के नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह दे चुके हैं। ऐसे में यह बयान आने वाले दिनों में गठबंधन की राजनीति को और गर्मा सकता है।