सोमवार को आई भारी गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार ने जोरदार वापसी करते हुए निवेशकों को राहत दी। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही तेजी के साथ खुले और शुरुआत में ही बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स 1500 अंकों से ज्यादा चढ़कर 74,000 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 23,000 के करीब कारोबार करता नजर आया।
खुलते ही बाजार बना रॉकेट
बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 72,696 के मुकाबले तेज उछाल के साथ 74,212 पर खुला। हालांकि बाद में थोड़ी मुनाफावसूली दिखी, लेकिन इंडेक्स 1000 अंकों से ज्यादा की बढ़त बनाए रहा। वहीं निफ्टी-50 भी 22,512 से उछलकर करीब 22,900 तक पहुंच गया, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बन गया।
हर सेक्टर में दिखी तेजी
मंगलवार को बाजार में हर तरफ हरियाली नजर आई। लार्जकैप से लेकर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी का जोर दिखा। बीएसई के 30 में से 29 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। इंडिगो, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स, टाइटन और ट्रेंट जैसे शेयरों में खास तेजी देखने को मिली।
ये भी पढ़ें : Home Loan EMI पर क्या होगा असर? RBI की अगली MPC मीटिंग की तारीखें आईं सामने
ट्रंप के बयान ने बदली तस्वीर
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान माना जा रहा है। उन्होंने ईरान पर हमले की योजना को 5 दिनों के लिए टालने का ऐलान किया, जिससे वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना। अमेरिकी और एशियाई बाजारों में आई तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखा।
तेल की कीमतों ने भी दी राहत
क्रूड ऑयल की कीमतों में आई गिरावट ने भी बाजार को सहारा दिया। सोमवार को जहां तेल 112 डॉलर प्रति बैरल के पार था, वहीं मंगलवार को यह करीब 100 डॉलर के आसपास आ गया। इससे महंगाई और लागत को लेकर चिंता कुछ कम हुई, जिसका सकारात्मक असर शेयर बाजार पर पड़ा।
क्रैश से रिकवरी तक का सफर
सोमवार को बाजार में भारी गिरावट आई थी, जिसमें सेंसेक्स 1836 अंक टूट गया था और निफ्टी 600 अंकों से ज्यादा गिरा था। उस गिरावट में निवेशकों के करीब 12 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे। लेकिन मंगलवार की तेजी ने संकेत दिया है कि बाजार अब भी वैश्विक संकेतों के प्रति बेहद संवेदनशील बना हुआ है।