तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक इंजीनियरिंग कॉलेज में डांडिया कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लाइटिंग के लिए लगाया गया धातु का स्टैंड गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक छात्रा की पहचान सोना नारायण दास के रूप में हुई है। वह कॉलेज में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
डांस के दौरान छात्राओं पर गिरा स्टैंड
यह घटना हैदराबाद के पास नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई। यहां कॉलेज का दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव ‘संगमम’ आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के समापन के दौरान छात्र मैदान में डांडिया कर रहे थे। इसी बीच लाइटिंग के लिए लगाया गया भारी धातु का स्टैंड गिरकर छात्राओं के समूह पर जा गिरा। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया
मृतक छात्रा के चाचा सुरेश ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनके मुताबिक, हादसे के समय तेज हवा चल रही थी और लाइट व सजावट को सहारा देने वाला स्टैंड गिर गया। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी देखेंःUP Crime News: प्रतापगढ़ में डबल मर्डर, मां-बेटे की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप
कॉलेज प्रबंधन ने तेज हवाओं को बताया वजह
कॉलेज के निदेशक प्रसन्ना कुमार ने घटना को तेज हवाओं के कारण हुआ दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया। उन्होंने कहा कि डांडिया कार्यक्रम उत्सव के समापन से कुछ समय पहले आयोजित किया गया था। तेज आंधी के दौरान लाइटिंग स्टैंड दबाव सहन नहीं कर पाया और गिर गया। प्रबंधन के अनुसार, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए कॉलेज के वाहनों की मदद ली गई। कॉलेज ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, पुलिस ने शुरू की जांच
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने छात्रा की मौत पर दुख जताया है। वहीं, भाजपा नेता अंडाला श्रीरामुलु यादव ने घटनास्थल का दौरा कर कॉलेज प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। हादसे की वास्तविक वजह और सुरक्षा व्यवस्था में किसी चूक की पुष्टि जांच के बाद होगी।