Student Protest: देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों का गुस्सा सड़कों और कैंपस में देखने को मिल रहा है। दिल्ली, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के प्रमुख संस्थानों और शहरों में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली स्थिति आईआईटी दिल्ली, जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र पुणे में आदिवासी छात्रा और बिहार के पटना में सरकारी नौकरियों के उम्मीदवार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
आईआईटी दिल्ली
भारत के सबसे मशहूर शिक्षण संस्थानों में से एक आईआईटी दिल्ली में एक छात्र की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन हो रहा है। 22 अगस्त को M.Sc. Physics के 31 वर्षीय छात्र की कैंपस की इमारत से कूदकर हुई मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण है। छात्रों का कहना है कि 2023 से अब तक यह 8वीं खुदकुशी की घटना है। छात्रों की मांग है कि स्टूडेंट वेलफेयर की एसोसिएट डीन प्रोफेसर श्रीदेवी उपाध्याउला इस्तीफा दें। इसके अलावा छात्रों ने छात्र की मौत की स्वतंत्र जांच और उनके परिवार के लिए करीब 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 2,500 से ज्यादा छात्रों ने कैंपस में मार्च निकाला और धरना दिया।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया दिल्ली
दिल्ली के सबसे ज्यादा मशहूर और जाने-माने विश्वविद्यालयों में से एक जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) के छात्र पिछले कई दिनों से कैंपस में प्रोटेस्ट कर रहे हैं। छात्रों ने यूनिवर्सिटी की स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया में गड़बड़ी और धांधली का आरोप लगाया है। छात्रों का दावा है कि ऊंची रैंक वाले कैंडिडेट्स को छोड़कर वेटिंग लिस्ट में नीचे मौजूद छात्रों को एडमिशन दिया गया। छात्रों की मांग है कि विवादास्पद एडमिशन रद्द किया जाए, J&K आरक्षण बहाल किया जाए और परीक्षा नियंत्रक इस्तीफा दें। इसके अलावा NSUI, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और AISRO जैसे छात्र संगठनों ने एडमिशन प्रोसेस में ज्यादा पारदर्शिता और इसकी जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें: NEET PG 2026 Admit Card: नीट पीजी 2026 परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड
पटना में छात्रों का प्रदर्शन
25 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह मार्च भर्ती परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों को लेकर गर्दनीबाग में चल रहे आंदोलन का ही एक हिस्सा था। छात्र प्रस्तावित चौथी शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में बदलाव की मांग कर रहे हैं। विवाद मुख्य रूप से TRE-4 के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा घोषित परीक्षा पैटर्न को लेकर है। बता दें, 18 अगस्त से गर्दनीबाग में जारी धरने के बाद 25 अगस्त को छात्रों ने उपमुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। पुलिस से हुई झड़प के बाद प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और कई छात्रों को हिरासत में लिया गया।
पुणे में आदिवासी छात्रों का विरोध प्रदर्शन
महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 12 दिनों से आदिवासी छात्रों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। आदिवासी हॉस्टलों से जुड़े सरकारी आदेश और हॉस्टल में सुविधाओं एवं सुरक्षा की कमी का विरोध चल रहा है। छात्रों की मांग है कि 30 साल की उम्र सीमा वाली सख्त शर्त हटाई जाए, नए हॉस्टल भवन बनाए जाएं और खाली पड़े सुरक्षा गार्ड व सफाई कर्मचारियों के पद भरे जाएं। बता दें, 12 दिनों से जारी धरने में 6 छात्र भूख हड़ताल पर हैं, जिनमें से एक की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल भर्ती कराना पड़ा। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर छात्रों से मिलने और समाधान निकालने की अपील की है।