Sugar Prices Fall : त्योहारी सीजन के बीच चीनी की कीमतों को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मिल स्तर पर चीनी के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ समय पहले एक्स-मिल रेट 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे, वहीं अब यह 47 से 55 रुपये प्रति किलो के दायरे में आ चुके हैं। इसके बावजूद खुदरा बाजार में चीनी अभी भी 62 रुपये से अधिक प्रति किलो बिक रही है।
खुदरा कीमतों में मामूली कमी
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में चीनी का औसत खुदरा भाव 65.08 रुपये प्रति किलो से घटकर 62.57 रुपये प्रति किलो हुआ है। यानी मिलों में 17 से 20 रुपये प्रति किलो की गिरावट के मुकाबले ग्राहकों को केवल 2 से 3 रुपये प्रति किलो की राहत मिली है। यही वजह है कि आम उपभोक्ता को कीमतों में बड़ी कमी महसूस नहीं हो रही।
कहां अटका हुआ है फायदा?
विशेषज्ञों के अनुसार सबसे बड़ी वजह पुराना स्टॉक है। थोक व्यापारियों और किराना दुकानदारों ने अगस्त के दौरान 65 से 67 रुपये प्रति किलो की ऊंची कीमत पर बड़ी मात्रा में चीनी खरीदी थी। अब वे उसी स्टॉक को बेच रहे हैं। ऐसे में दुकानदार नुकसान उठाकर सस्ती दर पर बिक्री नहीं करना चाहते, इसलिए खुदरा कीमतें तेजी से नीचे नहीं आ रही हैं।
ये भी पढ़ें : बोनस का पुराना फॉर्मूला बदलेगा तो दिवाली पर होगी बड़ी कमाई, 8वें वेतन आयोग से बढ़ीं उम्मीदें
थोक और खुदरा के बीच का अंतर
चीनी उद्योग से जुड़े संगठनों का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में मिल और खुदरा कीमत के बीच 7 से 8 रुपये प्रति किलो का अंतर होना चाहिए। लेकिन फिलहाल पुराना स्टॉक बाजार में होने के कारण यह अंतर अधिक दिखाई दे रहा है। जब नया और सस्ता स्टॉक बाजार में पहुंचेगा तब कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
7 से 10 दिन लग सकता है असर
चीनी मिलों का कहना है कि एक्स-मिल रेट में कमी का असर सबसे पहले थोक बाजार में दिखाई देता है। इसके बाद वही माल वितरण श्रृंखला के जरिए दुकानों तक पहुंचता है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 7 से 10 दिन का समय लग सकता है। इसलिए खुदरा बाजार में कीमतों में गिरावट धीरे-धीरे नजर आती है।
त्योहारों से पहले राहत की उम्मीद
यदि मिल स्तर पर कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं और नया स्टॉक बाजार में पहुंचता है, तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को और राहत मिल सकती है। हालांकि अंतिम कीमतें स्थानीय मांग, परिवहन लागत और व्यापारियों के स्टॉक की स्थिति पर भी निर्भर करेंगी। फिलहाल संकेत यही हैं कि चीनी के खुदरा दामों में आगे और नरमी देखने को मिल सकती है।