Sugar Prices : त्योहारी मौसम शुरू होते ही चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। मिठाइयों और घरेलू उपयोग में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीनी के दाम लगातार बढ़ने से बाजार में हलचल थी। ऐसे समय में सरकार और शुगर उद्योग कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। अब खबर है कि घरेलू बाजार में बड़ी मात्रा में चीनी उतारी जाएगी, जिससे कीमतों पर दबाव कम हो सकता है।
2.5 लाख टन चीनी बेचेंगी रिफाइनरियां
श्री रेणुका शुगर्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार के अनुसार, भारतीय रिफाइनरियां घरेलू बाजार में लगभग 2.5 लाख टन अतिरिक्त चीनी बेचने की तैयारी कर रही हैं। इस कदम का उद्देश्य बाजार में आपूर्ति बढ़ाना और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करना है। माना जा रहा है कि स्टॉक बढ़ने से मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनेगा।
News Alert ! Indian sugar refineries plan to sell around 2.5 lakh tonnes of refined sugar in domestic market: Shree Renuka Sugars MD & CEO Susheel Kumar.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 9, 2026
क्यों उठाया गया यह कदम?
सरकार और चीनी उद्योग दोनों चाहते हैं कि त्योहारी सीजन में लोगों को महंगी चीनी का बोझ न झेलना पड़े। इसी वजह से अतिरिक्त स्टॉक बाजार में उतारने का फैसला लिया गया है। बढ़ती मांग के बीच पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्योग का मानना है कि इससे खुदरा बाजार में भी कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें : परमाणु खतरे से निपटने की तैयारी, सेना को मिलेंगे नए खास वाहन
थोक बाजार में पहले ही आई गिरावट
हाल के दिनों में चीनी के थोक दामों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में चीनी का औसत खुदरा मूल्य 65.08 रुपये प्रति किलो से घटकर 62.57 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं मिल स्तर पर कीमतों में 17 से 20 रुपये प्रति किलो तक की कमी देखी गई है।
खुदरा ग्राहकों को नहीं मिला पूरा फायदा
हालांकि थोक बाजार में कीमतें घटने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को उसका पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। मोहल्लों और किराना दुकानों पर चीनी की कीमतों में केवल 2 से 3 रुपये प्रति किलो की कमी देखने को मिली है। इसी वजह से लोगों को अभी भी अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
आने वाले दिनों में मिल सकती है राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि जब 2.5 लाख टन अतिरिक्त चीनी बाजार में पहुंचेगी तो खुदरा कीमतों पर भी असर दिखाई दे सकता है। त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने के बावजूद पर्याप्त उपलब्धता बनी रहने से कीमतों में स्थिरता आने की उम्मीद है। ऐसे में आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को चीनी के दामों में कुछ और राहत मिल सकती है।