Rajasthan Summer Vacation 2026: देश भर में गर्मी का प्रकोप जारी है। इसी बीच राजस्थान से स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ी खबर आई है। इस बार छात्रों को पहले की तरह लंबी छुट्टियां बिताने का मौका नहीं मिलेगा। शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए नया शैक्षणिक कैलेंडर जारी करते हुए गर्मी की छुट्टियों के दिन कम कर दिए हैं। अब प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में सिर्फ 17 मई से 20 जून तक ही छुट्टियां रहेंगी। इसका मतलब है कि 21 जून से स्कूल खुल जाएंगे और पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
45 दिन की जगह अब सिर्फ 35 दिन
आपको बता दें कि पहले छात्रों को करीब 45 दिन की गर्मी की छुट्टियां मिलती थीं। लेकिन अब इसे घटाकर 35 दिन कर दिया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि बच्चों की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके और जून का आखिरी हफ्ता बेकार न जाए।
अब 21 जून से चलेंगी रेगुलर क्लास
आपको बता दें कि पिछले सालों में 21 जून को 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' मनाने के लिए स्कूल सिर्फ एक दिन के लिए खुलते थे। योग कार्यक्रम के बाद स्कूल फिर बंद हो जाते थे और नियमित पढ़ाई 1 जुलाई से शुरू होती थी। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। 21 जून को योग दिवस भी मनाया जाएगा और उसी दिन से क्लास भी शुरू हो जाएंगी।
एडमिशन की आखिरी तारीख
बता दें कि नए कैलेंडर के मुताबिक कक्षा 9वीं से 12वीं तक में एडमिशन लेने की आखिरी तारीख 11 जुलाई 2026 तय की गई है। वहीं, कक्षा 1 से 8वीं तक के एडमिशन हमेशा की तरह पूरे साल चलते रहेंगे। इससे स्कूलों को दाखिले की प्रक्रिया समय पर पूरी करने में आसानी होगी।
प्रिंसिपल के अधिकार भी घटे
आपको बता दें कि शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रिंसिपल के अधिकारों में भी बदलाव किया है। पहले स्कूल के प्रिंसिपल अपने स्तर पर साल में 2 लोकल छुट्टियां (स्थानीय अवकाश) घोषित कर सकते थे, लेकिन अब वे सिर्फ एक ही स्थानीय अवकाश घोषित कर पाएंगे।
टीचर एसोसिएशन ने जताई चिंता
शिक्षा विभाग के इस फैसले से टीचर एसोसिएशन खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि मई और जून में राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है। इतनी भीषण गर्मी और लू के बीच बच्चों को स्कूल बुलाना उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ हो सकता है। शिक्षक संगठनों ने सरकार से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की है।