
29 अक्टूबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा. वहीं इस सीरीज के आगाज से पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. मगर ऑस्ट्रेलिया में हुई पीसी में सूर्यकुमार यादव पर मीडिया ने ऐसे सवालों की बारिश कर दी जो कि साफ तौर पर उनकी खराब फॉर्म की ओर इशारा कर रहे थे. बता दें कि इस साल टी20 इंटरनेशनल में सूर्या के बल्ले से रन नहीं बने हैं. पिछली 11 पारियों में सूर्यकुमार सिर्फ 100 रन ही बना सके हैं, जिसके चलते सूर्या की औसत इन 11 मैचों में 9.09 है, जो कि भारतीय कप्तान की बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन को साफ-साफ दिखाती है.
'रन के साथ टीम के लक्ष्य पर भी ध्यान देना जरूरी'
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले अपनी बल्लेबाजी को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि 'मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं बहुत मेहनत कर रहा हूं. ऐसा बिल्कुल नहीं है कि मैं पहले मेहनत नहीं कर रहा था, मैं तब भी इतनी ही मेहनत कर रहा था. मैंने भारत में भी अच्छे सेशन खेले हैं और यहां ऑस्ट्रेलिया में भी कुछ सेशन बल्लेबाजी की है, जो कि जरूरी भी है'. सूर्यकुमार ने आगे कहा कि 'रन आना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही टीम के लक्ष्य की तरफ ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है'.
सूर्यकुमार यादव ने आगे बताया कि 'अलग-अलग परिस्थिति में टीम क्या चाहती है, इस पर मैं हर एक मैच में एक अलग तरह से देखने वाला हूं. अगर ऐसा हो पाता है तो ये टीम के लिए एक अच्छी बात हो जाएगी'.
इसे भी पढ़ें : Delhi की सांसों को मिलेगी राहत, Kanpur से भरी इस विमान ने उड़ान, जानिए क्या होने जा रहा है खास ?
सूर्या ने 332 टी20 मैचों में 8,692 रन बना
अब तक सूर्यकुमार यादव 332 टी20 मैचों में 8,692 रन बना चुके हैं. जिनमें 6 शतक और 59 अर्धशतक शामिल हैं. जबकि टी20 इंटरनेशनल में सूर्या ने 90 मैचों की 85 पारियों में 37.08 की औसत से 2,670 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 एशिया कप 2025 खिताब जीता है लेकिन इस टूर्नामेंट में सूर्या ने 6 पारियों में केवल 72 रन बनाए. फिलहाल अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में सूर्या के बल्ले से रन आने की उम्मीद की जा सकती है.