Suspicion ignites relationship: हैदराबाद के नल्लाकुंटा इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक शक्की पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। हैरानी की बात यह है कि जब बेटी अपनी मां को बचाने दौड़ी तो आरोपी ने उसे भी आग में धकेल दिया। यह दर्दनाक वारदात 24 दिसंबर को हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शक और हिंसा ने इस कदर कुचल दिया कि एक मासूम परिवार उजड़ गया।
प्रेम विवाह, शक और झगड़े
जानकारी के मुताबिक, नलगोंडा जिले के हुजूराबाद निवासी वेंकटेश और त्रिवेनी ने प्रेम विवाह किया था। उनके एक बेटा और एक बेटी थे। शादी के बाद भी वेंकटेश को पत्नी पर लगातार शक रहता था, जिस कारण वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आए दिन झगड़ों से परेशान होकर त्रिवेनी कुछ समय के लिए मायके चली गई थी। बाद में वेंकटेश ने खुद में बदलाव का भरोसा दिलाकर पत्नी को वापस बुलाया और हैदराबाद ले आया। लेकिन कुछ ही दिनों में उसका शक फिर हावी हो गया और घरेलू विवाद दोबारा शुरू हो गया।
यह भी देखेंःTensions flare again in Yemen: यमन में फिर भड़का तनाव, सऊदी अरब पर एयरस्ट्राइक का आरोप
आग में झोंक दी पत्नी, बेटी भी झुलसी
झगड़े के दौरान वेंकटेश ने आपा खो दिया और त्रिवेनी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। मां को बचाने आई बेटी को भी उसने धक्का देकर आग की लपटों में धकेल दिया और मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने त्रिवेनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटी को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वेंकटेश को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और शक की भयावह सच्चाई को सामने लाती है।