
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली इन दिनों अपनी खराब सेहत के कारण चर्चा में हैं. 53 साल के कांबली को पिछले साल अक्टूबर में यूरिन इंफेक्शन की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद वह घर लौट आए थे. लेकिन कुछ ही महीनों बाद, दिसंबर में उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. जांच के दौरान उनके दिमाग में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) पाया गया था. इलाज के बाद उन्हें छुट्टी तो मिल गई, लेकिन अब भी वह पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं.
बोलने और चलने में दिक्कत
कांबली के छोटे भाई वीरेंद्र कांबली ने उनकी सेहत को लेकर ताजा जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि विनोद कांबली अभी घर पर हैं और उनकी हालत स्थिर है. हालांकि उन्हें बोलने और चलने में परेशानी हो रही है. वीरेंद्र ने कहा कि उनके भाई को बोलने में दिक्कत आती है और वह अभी चल भी नहीं पा रहे हैं. लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर उनका इलाज और फिजियोथेरेपी जारी है. वीरेंद्र ने कहा, “उन्होंने 10 दिन तक रिहैब किया. उनका पूरा बॉडी चेक-अप हुआ, जिसमें ब्रेन स्कैन और यूरिन टेस्ट शामिल थे. रिपोर्ट्स ठीक आईं, लेकिन चूंकि वह चलने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए उन्हें नियमित फिजियोथेरेपी कराई जा रही है. उनकी जुबान भी लड़खड़ाती है, लेकिन धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. मुझे भरोसा है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे.”
ये भी पढ़ें : Team India के गेंदबाजों के लिए नया फिटनेस चैलेंज "Bronco Test", क्यों है गेंदबाजों के लिए जरूरी?
भाई ने लोगों से की अपील
वीरेंद्र कांबली ने लोगों से विनोद की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनके भाई एक चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं और इस मुश्किल वक्त से भी लड़कर बाहर निकल जाएंगे. उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि लोग उनके लिए दुआ करेंगे. उन्हें आपके प्यार और समर्थन की बहुत जरूरत है.” वीरेंद्र ने यह भी बताया कि वह चार भाई हैं – विनोद, वीरेंद्र, विकास और विद्याधर. विनोद की तरह वीरेंद्र भी क्रिकेटर बनना चाहते थे, लेकिन उनका करियर आगे नहीं बढ़ पाया. अब पूरा परिवार विनोद के साथ खड़ा है और उनके ठीक होने की उम्मीद कर रहा है.
क्रिकेट जगत की दुआएं
कांबली भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 90 के दशक में खेले थे और सचिन तेंदुलकर के बचपन के साथी रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए कई यादगार पारियां खेली थीं. उनकी अचानक बिगड़ती सेहत ने फैन्स और क्रिकेट जगत को चिंतित कर दिया है. सभी चाहते हैं कि वह जल्द स्वस्थ होकर फिर से पहले की तरह सक्रिय जीवन जी सकें. बहरहाल विनोद कांबली की सेहत अभी पूरी तरह ठीक नहीं है, लेकिन सुधार की उम्मीद है. उनके भाई और परिवार का कहना है कि वह जल्द ही सामान्य जीवन में लौट आएंगे, बशर्ते लोगों का प्यार और दुआएं उनके साथ बनी रहें.