Attacking Nishu Azad Father: निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार, 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया और चोला थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। भारद्वाज पर गाजियाबाद निवासी संजय कुमार के साथ मारपीट और हमले का आरोप है। यह मामला उस समय फिर चर्चा में आया जब एक पॉडकास्ट में भारद्वाज द्वारा कथित तौर पर संजय कुमार पर हमले का जिक्र किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा दबाव
वीडियो सामने आने के बाद कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेता मामले को लेकर सक्रिय हो गए। कॉकरोच जनता पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीजेपी की ओर से आशुतोष रांका और सौरव दास, कांग्रेस की छात्र इकाई से विनोद जाखड़ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत कई लोग इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिले।
पुलिस से करीब दो घंटे चली बातचीत
पुलिस अधिकारियों और नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। बैठक के बाद पुलिस की ओर से बताया गया कि आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा संजय कुमार का दोबारा मेडिकल कराने की बात भी कही गई। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा लगाने पर भी फैसला किया जाएगा। इससे पहले पुलिस की ओर से आरोपी की 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई थी।
यह भी देखेंःयूपी चुनाव से पहले अखिलेश-जयंत आमने-सामने, ABCD से XYZ तक पहुंची सियासी लड़ाई
अभिजीत दीपके ने पुलिस पर उठाए सवाल
मामले में कार्रवाई के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसे तय समय के भीतर गिरफ्तार करने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में हुई देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कथित हेट क्राइम के मामले में एफआईआर दर्ज कराने में लंबा समय लगा। दीपके ने पुलिस व्यवस्था में सुधार की जरूरत भी बताई।
सौरव दास ने दी दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी
वहीं सौरव दास ने भी पुलिस की कार्रवाई को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस की ओर से मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो शाम को दोबारा थाने का घेराव किया जाएगा। फिलहाल स्वतंत्र भारद्वाज पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हमले से जुड़े सभी तथ्यों की तस्वीर साफ हो सकेगी।