ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वालों के लिए झटका है। अब घर बैठे खाना मंगवाना और महंगा हो गया है, क्योंकि स्विगी ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है। इससे पहले जोमैटो भी फीस बढ़ा चुका है, जिसके बाद अब दोनों बड़ी कंपनियों की फीस लगभग बराबर हो गई है।
कितनी बढ़ी प्लेटफॉर्म फीस
स्विगी ने प्रति ऑर्डर प्लेटफॉर्म फीस 14.99 रुपये से बढ़ाकर 17.58 रुपये कर दी है, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। पिछले हफ्ते जोमैटो ने भी अपनी फीस बढ़ाकर इसी स्तर पर पहुंचा दी थी, जिससे अब दोनों प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को लगभग समान अतिरिक्त चार्ज देना होगा।
क्यों बढ़ानी पड़ी फीस
कंपनी के मुताबिक, बढ़ती ऑपरेटिंग लागत इसकी बड़ी वजह है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में तेजी आई है, जिससे डिलीवरी नेटवर्क, ट्रांसपोर्ट और रेस्टोरेंट्स की लागत बढ़ गई है। इन बढ़ते खर्चों को संतुलित करने के लिए प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई गई है।
ये भी पढ़ें : Railway का बड़ा बदलाव! अब ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन
पहले कितना था चार्ज
स्विगी ने पिछले साल अगस्त में फीस को 12 रुपये से बढ़ाकर करीब 14 रुपये किया था, जबकि जोमैटो ने 2023 में सिर्फ 2 रुपये से इसकी शुरुआत की थी। धीरे-धीरे दोनों कंपनियों ने इसे बढ़ाकर अब 17.58 रुपये तक पहुंचा दिया है।
शेयर बाजार में दिखा असर
फीस बढ़ाने के फैसले का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। स्विगी के शेयरों में करीब 3% से ज्यादा की तेजी आई, जबकि जोमैटो की पैरेंट कंपनी के शेयर भी चढ़े। हालांकि पिछले 6 महीनों में दोनों कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई थी।
क्या पड़ेगा ग्राहकों पर असर
इस बढ़ोतरी का सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। हर ऑर्डर पर अब ज्यादा पैसे देने होंगे, जिससे कुल बिल बढ़ेगा। हालांकि कंपनियों का कहना है कि यह कदम सेवा को बेहतर बनाए रखने और बढ़ती लागत को संभालने के लिए जरूरी है।