
टी20 क्रिकेट में डेथ ओवर्स यानी आखिरी के चार ओवर हमेशा से बल्लेबाजों के लिए रन बटोरने का सुनहरा मौका और गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी परीक्षा माने जाते हैं. जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे नाम लंबे समय तक भारत के डेथ ओवर स्पेशलिस्ट कहलाए, लेकिन साल 2024 से आंकड़े एक अलग तस्वीर दिखा रहे हैं. इस दौरान टॉप-5 डेथ ओवर विकेट टेकर गेंदबाजों में न तो बुमराह हैं और न ही अर्शदीप.
हॉन्ग कॉन्ग के एहसान खान बने डेथ ओवर के बादशाह
साल 2024 से टी20 इंटरनेशनल में डेथ ओवर्स में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं हॉन्ग कॉन्ग के एहसान खान. उन्होंने 24 इनिंग्स में शानदार 6.06 की इकोनॉमी रेट से 23 विकेट झटके हैं. खास बात यह है कि वे एशिया कप 2025 में भी अपनी टीम का अहम हिस्सा हैं.
बहरीन और बांग्लादेश के गेंदबाज भी टॉप-3 में
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं बहरीन के तेज गेंदबाज अली दाऊद, जिन्होंने 23 पारियों में 22 विकेट लिए हैं. उनका इकोनॉमी रेट 7.03 और औसत 12.68 रहा है. वहीं, तीसरे नंबर पर हैं बांग्लादेश के तस्कीन अहमद, जिन्होंने 21 पारियों में 21 विकेट चटकाए और 7.10 की इकोनॉमी से अपनी टीम को मजबूती दी.
कनाडा और युगांडा के खिलाड़ियों का कमाल
टॉप-5 में जगह बनाने वाले बाकी दो गेंदबाज हैं कनाडा के कलीम सना और युगांडा के कॉस्मास क्येवुता. कलीम ने 17 पारियों में 21 विकेट लेकर साबित किया है कि उनकी गेंदबाजी किसी भी बड़े खिलाड़ी को टक्कर दे सकती है. वहीं, क्येवुता ने सिर्फ 14 पारियों में 21 विकेट लेकर अपनी पहचान बनाई है.
ये भी पढ़ें : Bareilly में दहशत: Disha Patani के पैतृक घर पर फायरिंग, Goldie Barar ने ली जिम्मेदारी, पुलिस अलर्ट पर
बुमराह की वापसी, अर्शदीप पीछे
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी का असर साफ दिखा. वे वर्ल्ड कप 2024 के बाद लगभग एक साल तक टी20 से बाहर रहे और एशिया कप के जरिए ही वापसी कर रहे हैं. अर्शदीप ने इस अवधि में 18 विकेट लिए, लेकिन यूएई के जुनैद सिद्दीकी उनसे आगे निकल गए, जिन्होंने 19 विकेट अपने नाम किए. चौंकाने वाली बात यह है कि टॉप-5 में न भारत, न पाकिस्तान, न इंग्लैंड और न ही ऑस्ट्रेलिया के बड़े गेंदबाज शामिल हैं.
भारत-पाकिस्तान भिड़ंत पर सबकी नजर
भारतीय टीम ने एशिया कप की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की, जब उन्होंने यूएई को 9 विकेट से हराया. अब 14 सितंबर को दुबई में भारत-पाकिस्तान का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा. फैन्स की निगाहें इस मैच पर टिकी हैं कि क्या बुमराह और अर्शदीप अपनी पुरानी चमक लौटाएंगे या छोटे देशों के गेंदबाजों की तरह कोई नया नाम उभरकर सामने आएगा. टी20 क्रिकेट अब सिर्फ दिग्गज देशों का खेल नहीं रहा, बल्कि छोटे क्रिकेटिंग देशों के खिलाड़ी भी डेथ ओवर्स में अपनी काबिलियत और हौसले से दुनिया को चौंका रहे हैं.