भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने जा रहा है। आमतौर पर टी20 क्रिकेट को युवाओं का खेल माना जाता है, लेकिन इस बार कहानी थोड़ी अलग है। कई टीमें ऐसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ उतर रही हैं, जिनकी उम्र उस दौर में है जब ज्यादातर क्रिकेटर संन्यास ले चुके होते हैं। पिछले कुछ सालों का अनुभव बताता है कि टी20 में वही टीमें आगे जाती हैं, जिनके पास जोश के साथ अनुभव का सही संतुलन होता है। यही वजह है कि उम्रदराज खिलाड़ियों की भूमिका इस वर्ल्ड कप में बेहद अहम रहने वाली है।
ब्रेंडन टेलर: जिम्बाब्वे की रीढ़
जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर 6 फरवरी को 40 साल के हो जाएंगे। बैन खत्म होने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में दमदार वापसी की है। टी20 इंटरनेशनल में 58 मैच खेल चुके टेलर के नाम 1185 रन हैं, जिसमें शतक और कई अर्धशतक शामिल हैं। उनका अनुभव जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को स्थिरता देता है। अगर टेलर चले, तो विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
मोहम्मद नबी: अफगानिस्तान का भरोसेमंद नाम
अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी 41 साल की उम्र में भी टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। 147 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2430 रन और 104 विकेट उनके अनुभव की कहानी कहते हैं। नबी दबाव के हालात में शांत रहकर खेल को संभालना जानते हैं। अगर उन्होंने बल्ले या गेंद से लय पकड़ ली, तो विरोधी टीम को बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
रूलोफ वैन डेर मेरवे: हरफनमौला अनुभव
नीदरलैंड के ऑलराउंडर रूलोफ वैन डेर मेरवे भी 41 साल के हैं और उनका अनुभव टीम के लिए सोने जैसा है। 67 टी20 इंटरनेशनल में 561 रन और 74 विकेट उनके संतुलित खेल को दिखाते हैं। कम रन देकर विकेट निकालना उनकी ताकत है। ऐसे खिलाड़ी टी20 में विपक्ष की रनगति तोड़कर मैच का रुख बदल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup 2026 में पहली बार उतरेंगे ये चेहरे, एक झटके में पलट सकते हैं मैच, दिग्गज टीमों को होगा भारी नुकसान
वेन मैडसेन: इटली के कप्तान पर निगाहें
इटली के कप्तान वेन मैडसेन 42 साल की उम्र में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। भले ही उन्होंने कम इंटरनेशनल मैच खेले हों, लेकिन घरेलू और लीग क्रिकेट का उनका अनुभव काफी बड़ा है। कप्तानी में उनका संयम और समझ इटली के लिए अहम साबित हो सकता है। एक सही फैसला भी मैच जिता सकता है या हार से बचा सकता है।
मोहम्मद नदीम: वर्ल्ड कप के सबसे सीनियर खिलाड़ी
ओमान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नदीम 43 साल की उम्र में इस वर्ल्ड कप के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी होंगे। 70 टी20 इंटरनेशनल में 805 रन और 40 विकेट उनके लंबे करियर की गवाही देते हैं। उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों को संभालने में मदद करेगा। अगर नदीम ने सही समय पर योगदान दिया, तो ओमान जैसी टीम भी बड़े उलटफेर कर सकती है।