अगर आप आगरा जाकर ताजमहल देखने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। जनवरी महीने में तीन दिन ऐसे होंगे जब ताजमहल का दीदार बिल्कुल मुफ्त किया जा सकेगा। मुगल बादशाह शाहजहां के तीन दिवसीय वार्षिक उर्स के मौके पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने ताजमहल में एंट्री फ्री करने का फैसला लिया है। इस फैसले से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
कौन सी तारीखें रहेंगी खास
एएसआई की ओर से जारी आदेश के अनुसार 15 जनवरी 16 जनवरी और 17 जनवरी को ताजमहल में तय समय के दौरान बिना टिकट प्रवेश मिलेगा। ये तीनों दिन उर्स के कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं। हर दिन का समय अलग अलग तय किया गया है ताकि धार्मिक रस्मों और पर्यटकों की सुविधा दोनों का संतुलन बना रहे।
किस दिन कितने बजे मिलेगी फ्री एंट्री
15 जनवरी को दोपहर 2 बजे से सूर्यास्त तक ताजमहल में फ्री एंट्री रहेगी। 16 जनवरी को भी यही व्यवस्था लागू होगी यानी दोपहर 2 बजे से सूर्यास्त तक लोग बिना टिकट ताजमहल देख सकेंगे। वहीं 17 जनवरी को पर्यटकों के लिए सबसे खास दिन रहेगा क्योंकि इस दिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूरे दिन ताजमहल में प्रवेश बिल्कुल मुफ्त रहेगा।
ये भी पढ़ें : भारत का तेल गेम बदला, 40 देशों से खरीद रहा कच्चा तेल, Venezuela कभी अहम था अब हाशिये पर
टिकट काउंटर पूरी तरह रहेंगे बंद
एएसआई ने साफ किया है कि इन तय समयों के दौरान ताजमहल के सभी टिकट काउंटर बंद रहेंगे। पर्यटकों को न तो ऑनलाइन और न ही ऑफलाइन टिकट लेने की जरूरत होगी। तय समय में सीधे ताजमहल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। भीड़ को संभालने के लिए एएसआई और स्थानीय पुलिस की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पर्यटन कारोबार को होगा फायदा
शाहजहां के उर्स के दौरान हर साल बड़ी संख्या में जायरीन और पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। इस मौके पर ताजमहल परिसर में पारंपरिक रस्में निभाई जाती हैं और मुख्य मकबरे पर सतरंगी चादर चढ़ाई जाती है। एंट्री फ्री होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है जिससे होटल गाइड ट्रांसपोर्ट और स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलेगा।
प्रेम की अमर निशानी है ताजमहल
ताजमहल का निर्माण शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज महल की याद में करवाया था। इसकी नींव 1632 में रखी गई थी और आज यह दुनिया के सात अजूबों में शामिल है। ताजमहल प्रेम सुंदरता और मुगल स्थापत्य कला का प्रतीक माना जाता है और यही वजह है कि हर साल लाखों लोग इसे देखने आगरा पहुंचते हैं। अब तीन दिन फ्री एंट्री मिलने से यह मौका और भी खास हो गया है।