Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई बड़े और चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि पार्टी दक्षिण भारत में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। एनडीए के सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच यह सूची जारी की गई है।
बड़े चेहरों को मिला मौका
बीजेपी ने इस सूची में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी (SC) सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से मैदान में उतारा गया है। इन नामों से पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि वह मजबूत और पहचान वाले चेहरों के सहारे चुनावी मैदान में उतर रही है।
रणनीति में दिखी दक्षिण पर फोकस
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले नेताओं को टिकट देकर बीजेपी तमिलनाडु में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की कोशिश कर रही है। यह कदम पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत वह दक्षिण भारत के राज्यों में अपना जनाधार मजबूत करना चाहती है। इस लिस्ट के जरिए पार्टी ने कई क्षेत्रों में संतुलन बनाने की कोशिश भी की है।
यह भी देखेंःमिडिल ईस्ट जंग का असर: ‘सूखे मेवे’ से लेकर तेल-दाल तक पर महंगाई की आग!
अन्नामलाई का नाम नहीं, बढ़ी चर्चा
इस सूची में तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई का नाम शामिल नहीं है, जिससे राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा था कि वे कोयंबटूर (उत्तर) सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन इस सीट से वनाथी श्रीनिवासन को उम्मीदवार बनाया गया है, जो फिलहाल कोयंबटूर (दक्षिण) से विधायक हैं।
पूरी लिस्ट में क्षेत्रीय संतुलन
जारी की गई 27 उम्मीदवारों की सूची में अवाडी से लेकर नागरकोइल और विलावनकोड तक कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है। पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे सामाजिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश दिखती है। यह लिस्ट आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति को और गर्माने वाली मानी जा रही है।