दुबई एयर शो 2025 से एक डराने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस लाइव डेमो फ्लाइट के दौरान क्रैश होता दिखाई दे रहा है। यह हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब हजारों लोग एयर शो में मौजूद थे। उड़ान के बीच अचानक तेजस का नियंत्रण बिगड़ गया और विमान रनवे के पास जमीन में जा टकराया। हादसे की तेज आवाज और धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते अल मकतूम एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का बड़ा गुबार उठ गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों में चिंता की लहर फैल गई।
कैसे हुआ हादसा? सोशल मीडिया पर खुली जानकारी
तेजस क्रैश का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @RT_com द्वारा शेयर किया गया है। वीडियो के अनुसार, तेजस विमान डेमो फ्लाइट के दौरान करतब दिखा रहा था जब अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के बाद विमान तेजी से नीचे आया और रनवे के पास जमीन से जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी शक्तिशाली थी कि कुछ ही सेकंड में आग का गोला बन गया। मौके पर मौजूद इमरजेंसी टीम तुरंत सक्रिय हो गई और एयर शो को रोक दिया गया। भारतीय वायु सेना ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेजस विमान क्रैश हुआ है और पायलट की दुखद मौत हो गई है।
ये भी पढ़ें : Health Insurance Premium पर लगेगी मनमानी बढ़ोतरी की रोक, सरकार नए नियमों की तैयारी में
वीडियो वायरल होते ही HAL पर उठे सवाल
हादसे का वीडियो सामने आते ही भारतीय सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. कई यूजर्स ने HAL की तकनीक, विमान की क्षमता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। एक यूजर ने कमेंट किया कि लाखों करोड़ खर्च करने के बाद भी नतीजा यही है. वहीं दूसरे ने लिखा कि अगर फाइटर जेट लाइव डेमो में ही क्रैश हो जाए तो यह बहुत गंभीर बात है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर पायलट की मौत हुई है तो यह हादसा नहीं बल्कि सिस्टम की लापरवाही है। एक यूजर ने तो तंज कसते हुए कहा भारत पतंग उड़ाने में बेहतर है, फाइटर जेट बनाने में नहीं.
हादसे के बाद उठे सवाल, जांच की मांग तेज
तेजस क्रैश के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं—क्या विमान में तकनीकी खराबी थी? क्या डेमो उड़ान के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल फॉलो किए गए? और क्या पायलट को पर्याप्त सपोर्ट मिला? रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय एयर शो में ऐसा हादसा होना बेहद चिंताजनक है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अब विस्तृत जांच की मांग की जा रही है। तेजस भारत का प्रमुख स्वदेशी लड़ाकू विमान है और इस तरह का क्रैश उसकी विश्वसनीयता पर भी असर डाल सकता है। आने वाले दिनों में इस मामले पर और विवरण सामने आने की उम्मीद है।