Ramgarh Vidhan Sabha Seat News: बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया स्थित मतगणना केंद्र के बाहर शुक्रवार शाम अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई। रामगढ़ विधानसभा सीट की वोट गिनती के दौरान बीएसपी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव के समर्थक उग्र हो गए और पुलिस से भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि समर्थकों ने एक स्कॉर्पियो में आग लगा दी और बस के शीशे भी तोड़ दिए। रामगढ़ सीट पर 25 राउंड की गिनती होनी है, और 24 राउंड पूरे होने तक बीएसपी व बीजेपी उम्मीदवारों के बीच केवल 175 वोटों का अंतर था, जिससे तनाव और बढ़ गया।
मतगणना में देरी का आरोप
बीएसपी समर्थकों का आरोप था कि अंतिम राउंड की गिनती में जानबूझकर देरी की जा रही है और जीत-हार का फैसला रोकने की कोशिश हो रही है। 24 राउंड पूरे होने तक बीएसपी प्रत्याशी सतीश यादव को 70,835 वोट मिले थे, जबकि उनके पीछे बीजेपी के अशोक कुमार सिंह और तीसरे स्थान पर आरजेडी के अजीत कुमार थे। अंतिम राउंड निर्णायक साबित हो सकता था, इसी कारण समर्थक उग्र होते गए। पुलिस के समझाने पर भीड़ शांत नहीं हुई और पथराव बढ़ता गया, जिससे 3–4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दो जवानों के सिर और चेहरे पर चोट आई, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
यह भी देखेंःWomen in Every Election: हर चुनाव में महिलाओं की बढ़ती ताकत, जिधर दिया वोट… वहीं बनी सरकार
शांतिपूर्ण काउंटिंग के बीच कैमूर अकेला विवादित केंद्र
बिहार में दो चरणों में मतदान हुआ था और मतगणना के दिन पूरे राज्य में काउंटिंग शांतिपूर्ण रही। लेकिन कैमूर का यह मामला चिंता का विषय बन गया है, जहां एक सीट के कड़े मुकाबले ने हालात बिगाड़ दिए। एनडीए को इस चुनाव में बड़ी जीत मिलती दिख रही है, पर रामगढ़ सीट पर मुकाबला बेहद करीबी है। खबर लिखे जाने तक 25वें राउंड की गिनती का परिणाम जारी नहीं हुआ था, और सभी की निगाहें इसी अंतिम राउंड पर टिकी हुई हैं। प्रशासन अब हालात नियंत्रित करने के साथ जिम्मेदारों की पहचान में जुटा है।