
Former Village Head Murder: एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के विजयदेपुर गांव में बुधवार शाम पूर्व प्रधान जयसिंह (70) की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। शव गांव पहुंचते ही सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन को उमड़ पड़े। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शव को कड़ी निगरानी में अंतिम संस्कार के लिए भेजा। मौके पर पहुंचे एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने हालात का जायजा लिया और परिजनों को न्याय का आश्वासन दिया। किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
प्रधान समेत 9 लोगों पर हत्या का केस
पुलिस ने मृतक के पुत्र सर्वेश की तहरीर पर मौजूदा प्रधान अमित सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में श्याम सिंह, प्रेम सिंह, जितेंद्र, सौरभ, गौरव, अमन, शिवम और अंशुल के नाम शामिल हैं। आरोप है कि जयसिंह जब मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। परिवार वालों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा गया। घायल हालत में जयसिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिट्टी उठाने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ मिट्टी उठाने का झगड़ा था, जो मृतक जयसिंह के दामाद के गेस्ट हाउस के पास हुआ। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और जयसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने थाने में शव रखकर प्रदर्शन किया, जिसे स्थानीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया। एसएसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। गांव में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।