Bengal Teachers TET News: पश्चिम बंगाल के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में कार्यरत हजारों शिक्षकों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने इन-सर्विस शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें, यह कदम सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का पालन करते हुए उठाया गया है। हालांकि अभी तक परीक्षा की तारीख और आवेदन का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिक्षा विभाग ने West Bengal Central School Service Commission (WBSSC) और West Bengal Board of Primary Education (WBBPE) को परीक्षा की तैयारियां करने के निर्देश दे दिए हैं।
किन शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य
यह नियम विशेष रूप से RTE Act, 2009 लागू होने से पहले नियुक्त हुए शिक्षकों पर लागू होता है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, जिन शिक्षकों की नौकरी पांच साल से ज्यादा बाकी है, उन्हें सेवा में बने रहने के लिए टीईटी पास करना बेहद जरूरी होगा। कोर्ट के आदेशानुसार इन्हें 31 अगस्त 2028 तक यह परीक्षा पास करनी होगी।
प्रमोशन के लिए पास करनी होगी परीक्षा
वहीं, जिन शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में पांच साल या उससे कम समय बचा है, उन्हें नौकरी जारी रखने के लिए TET से छूट दी गई है। हालांकि, अगर कोई शिक्षक प्रमोशन चाहता है, तो उनके लिए भी TET पास करना जरूरी होगा।
यह भी पढ़ें: ISRO Vacancy 2026: इसरो में कई पदों पर निकली भर्ती, 1.42 लाख तक मिलेगी सैलरी; 15 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
शिक्षकों में नाराजगी
सरकार के इस फैसले के बाद राज्य के शिक्षक संगठनों में अंसतोष देखा जा रहा है। शिक्षक यूनियनों का कहना है कि जो शिक्षक सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन पर नौकरी के बीच में फिर से पात्रता परीक्षा थोपना सही नहीं है। उन्होंने खासकर पुराने नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से बाहर रखने की मांग की है।