Side Effects Of Late Night Eating: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, ऑफिस का काम और देर तक जागने की वजह से बहुत से लोगों में रात को देर से डिनर करने या स्नैक्स खाने की आदत बन चुकी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह आदत आपकी सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकती है? डाइट एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसका जवाब हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नहीं हो सकता है। आइए जानते हैं कि यह आदत आपके लिए कितनी खतरनाक हो सकती है।
देर रात खाना खाने का क्या होता है असर?
यूनिवर्सिटी ऑफ रोचेस्टर मेडिकल सेंटर के मुताबिक, जो लोग सोने से ठीक पहले खाना खाते हैं, उन्हें एसिड रिफ्लक्स की समस्या हो सकती है। सोने से ठीक पहले खाना खाने से पेट का एसिड ऊपर गले की तरफ आने लगता है। जिससे सीने में जलन, खट्टी डकारें और गले में खराश जैसी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसलिए सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले खाना जरूर खा लें।
डायबिटीज के मरीजों के लिए नुकसानदायक
अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो देर रात खाना आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। क्योंकि असमय खाने से शरीर का ब्लड शुगर लेवल बिगड़ सकता है। इससे रात की नींद खराब होती है और अगले दिन भूख का संतुलन भी बिगड़ जाता है। ऐसे मरीजों को हमेशा डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से ही अपने खाने का समय तय करना चाहिए।
कभी-कभार कोई बड़ी समस्या नहीं
अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी गंभीर बीमारी से नहीं जूझ रहे हैं, तो कभी-कभार देर से खाना खाना बड़ी समस्या नहीं माना जाता। हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ बोरियत मिटाने या आदत के चलते रात में बार-बार खाने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Ajinomoto Bad For Health: क्या वाकई सेहत को नुकसान पहुंचाता है अजीनो मोटो? यहां जानें पूरी सच्चाई
रात के समय न खाएं ये चीजें
आप रात में 'कब' खा रहे हैं, इसके साथ ही 'क्या' खा रहे हैं, यह भी बहुत मायने रखता है। ज्यादा तला-भुना, मीट, चीज, अंडे और हैवी डेयरी प्रोडक्ट्स पचाने में मुश्किल होते हैं। इसलिए रात में इन चीजों को नहीं खाना चाहिए। रात में मीठा खाने से दांतों में कैविटी का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए रात में कुछ भी खाने के बाद ब्रश करना कभी न भूलें। वहीं डायबिटीज के मरीजों को ऐसा स्नैक चुनना चाहिए जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट का संतुलन हो, ताकि ब्लड शुगर नियंत्रित रहे।
रात में बार-बार भूख क्यों लगती है?
अगर आपको हर रात तेज भूख लगती है, तो इसकी वजह दिनभर पर्याप्त भोजन न करना, मानसिक तनाव या बोरियत, ज्यादा हैवी एक्सरसाइज करना या फिर शरीर में प्रोटीन और फाइबर की कमी भी हो सकती है।