Availability of Petrol and Diesel: केंद्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और आम लोगों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
रिफाइनरियां सामान्य रूप से कर रहीं काम
सुझाता शर्मा के अनुसार, देश की सभी रिफाइनरियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं और कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) का भंडार भी पर्याप्त है। सरकार लगातार अलग-अलग स्तरों पर कदम उठा रही है ताकि ईंधन की आपूर्ति सुचारु बनी रहे।
घबराहट में खरीदारी
उन्होंने बताया कि ज्यादातर पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर घबराहट में ज्यादा खरीदारी (पैनिक बाइंग) देखी गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
यह भी देखेंःBig Claim on Iran-US Talks: तुर्किए-पाक रिश्तों पर उठे सवाल, ईरान-US टॉक पर बड़ा दावा
कीमत नियंत्रित रखने के लिए उठाए कदम
सरकार ने घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में 10 रुपये की कटौती की है। इसका उद्देश्य आम लोगों को राहत देना और कीमतों में स्थिरता बनाए रखना है।
डीजल की उपलब्धता
इसके अलावा, देश में डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने डीजल के निर्यात पर भी लेवी (शुल्क) लगाया है। सरकार का कहना है कि इन सभी कदमों से घरेलू बाजार में ईंधन की सप्लाई और कीमत दोनों संतुलित रहेंगी।