Indian Weather Report: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में भी तल्ख बना रहने वाला है। मौसम विभाग ने 12 जनवरी तक मैदानी इलाकों में घने कोहरे, शीत दिवस और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मैदानी इलाकों में घना कोहरा
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। हालात ऐसे हैं कि दिन के समय भी सूरज के दर्शन मुश्किल हो रहे हैं। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है।
पहाड़ों में पाला, पानी की किल्लत
पर्वतीय जिलों में जबरदस्त पाले के कारण ठंड और तेज हो गई है। कई इलाकों में सुबह नलों में बर्फ जम जा रही है, जिससे पेयजल संकट पैदा हो रहा है। बीते दिनों हुई हल्की बर्फबारी के बाद से तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 14 जनवरी तक राज्य में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
यूएस नगर और हरिद्वार में शीत दिवस की आशंका
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही देहरादून, नैनीताल और आसपास के इलाकों में भी ठंड का असर जारी रहेगा। विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
बारिश की कमी, सेहत और खेती पर असर
राज्य में पिछले तीन महीनों से बारिश नहीं हुई है। दिसंबर में तो एक बूंद पानी भी नहीं गिरा, जबकि नवंबर में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई। जनवरी के पहले सप्ताह में औसतन 8.6 मिमी बारिश होती थी, लेकिन इस बार सूखा बना हुआ है। इसका असर कृषि, बागवानी और लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है।