Paneer Side Effects: शाकाहारी लोगों के लिए पनीर प्रोटीन का एक बेहतरीन और पसंदीदा जरिया माना जाता है। पनीर का सेवन करने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर किसी के लिए पनीर खाना फायदेमंद नहीं होता? जी हां कुछ खास बीमारियों या स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को पनीर खाने से परहेज करना चाहिए या फिर इसका सेवन बेहद सीमित मात्रा में करना चाहिए। तो आइए जानते हैं किन-किन लोगों के लिए पनीर नुकसानदेय है।
हाई कोलेस्ट्रॉल और दिल के मरीज
पनीर जो कि खासकर फुल-फैट दूध से बना होता है, उसमें सैचुरेटेड फैट की मात्रा काफी अधिक होती है। ऐसे में जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है या जिन्हें दिल की बीमारी है, उन्हें ज्यादा पनीर नहीं खाना चाहिए। यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकता है। जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
किडनी की बीमारी
किडनी से जुड़ी बीमारी वाले लोगों को प्रोटीन न लेने की सलाह दी जाती है और पनीर प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स होता है। जिसकी वजह से यह किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
हाई ब्लड प्रेशर
बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड पनीर को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसमें नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है। ज्यादा नमक वाला पनीर खाने से हाई बीपी के मरीजों की दिक्कत बढ़ सकती है। हाई बीपी वाले लोगों को सिर्फ ताजा और कम नमक वाला पनीर ही खाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Health Tips: गेहूं, ज्वार, मक्का या बाजरा... जानिए किस आटे की रोटी में होती है कितनी कैलोरी?
लैक्टोज इनटॉलरेंस
जिन लोगों को दूध या दूध से बने उत्पाद आसानी से नहीं पचते या जिन्हें दूध से एलर्जी है, उन्हें पनीर खाने के बाद पेट में गैस, दर्द, सूजन या दस्त जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
वजन घटाने वाले लोग
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो आपको पनीर का सीमित मात्रा में सेवन करना चाहिए। क्योंकि पनीर में कैलोरी और फैट की अधिक मात्रा पाई जाती है। अगर आप पनीर को तेल, मक्खन या हैवी क्रीम के साथ पकाकर खाते हैं, तो आपका वजन तेजी से बढ़ सकता है।
एक दिन में कितना पनीर खाना है सुरक्षित?
आपको बता दें कि एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए दिनभर में 50 से 100 ग्राम तक पनीर खाना पर्याप्त माना जाता है। जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर में फैट और कैलोरी बढ़ा सकता है। इसलिए पनीर को हमेशा अपनी डाइट का एक संतुलित हिस्सा बनाकर ही खाएं।