
Tirupati on high alert: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में शुक्रवार को आतंकवादी हमले और बम विस्फोट की धमकी से हड़कंप मच गया। अज्ञात लोगों ने धमकी भरे ईमेल भेजे, जिसमें आईएसआई और पूर्व लिट्टे उग्रवादी तिरुपति के चार इलाकों में विस्फोट करने की साजिश रच रहे हैं। पुलिस को दो संदिग्ध ईमेल मिले हैं, जिनमें आरडीएक्स विस्फोटक का इस्तेमाल करने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी है और कई इलाकों में सघन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई और सघन जांच
धमकी के तुरंत बाद बम निरोधक दस्तों ने तिरुपति के संवेदनशील क्षेत्रों में जांच की। पुलिस ने आरटीसी बस स्टैंड, श्रीनिवासम, विष्णु निवासम, कपिला तिरुथम और गोविंदराजुला स्वामी मंदिर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। न्यायालय और न्यायाधीशों के आवासीय परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। इसी महीने की 6 तारीख को मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तिरुपति यात्रा को देखते हुए कृषि महाविद्यालय हेलीपैड पर भी विशेष जांच की गई।
यह भी देखेंःChaitanyananda Saraswati: संत के वेश में दरिंदे का काला सच, छात्राओं से शोषण के चौंकाने वाले खुलासे
मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जांच
बीडी टीमों ने तिरुचनूर स्थित पद्मावती अम्मावरी मंदिर, तिरुमला और श्रीकालहस्ती मंदिरों में भी तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और इसे फिलहाल होक्स माना जा रहा है। हालांकि, भक्त और आम लोग सतर्क हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तिरुपति में यह घटना प्रशासन और पुलिस की तत्परता की परीक्षा बन गई है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई अप्रिय घटना न घटे।