TMC announces Rajya Sabha Elections: अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने इस बार अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख चेहरों को मैदान में उतारा है। घोषित नामों में बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक शामिल हैं। पार्टी ने सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि वे संसद में पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
प्रशासनिक अनुभव
राजीव कुमार हाल ही में पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्हें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी अधिकारियों में गिना जाता रहा है। राज्य में कई संवेदनशील मामलों के दौरान उनकी भूमिका चर्चा में रही। अब सक्रिय राजनीति में उनकी एंट्री को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व
बंगाली सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री कोयल मल्लिक को भी पार्टी ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। वे प्रसिद्ध अभिनेता रणजीत मल्लिक की बेटी हैं और कई सफल फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अब तक वे राजनीति से दूर रही हैं। उनके नामांकन को सांस्कृतिक क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी देखेंःPreparation for Census 2027: यूपी में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, समयबद्ध और डिजिटल प्रक्रिया पर जोर
कानूनी विशेषज्ञता
वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी संवैधानिक और सार्वजनिक महत्व के मामलों में अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। हाल के समय में उन्होंने कई अहम मामलों में पैरवी की है। पार्टी का मानना है कि उच्च सदन में उनकी कानूनी समझ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
राजनीतिक अनुभव
पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। भाजपा छोड़ने के बाद से वे टीएमसी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके नामांकन से संकेत मिलता है कि पार्टी अनुभवी और चर्चित चेहरों को राज्यसभा में भेजकर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है।