NEET UG 2026 MBBS Seat: नेशनल मेडिकल कमिशन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य-वार मेडिकल कॉलेजों की नई सीट लिस्ट (सीट मैट्रिक्स) जारी कर दी है। जारी लिस्ट के अनुसार इस बार देशभर के कॉलेजों में 9,911 नई एमबीबीएस सीटें जोड़ी गई है। 'इंस्टीट्यूट्स ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस' (INIs) को छोड़कर 823 मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या बढ़कर 1,36,939 हो गई है। तो आइए जानते हैं किस राज्य में कितनी मेडिकल सीटें बढ़ाई गई हैं।
कर्नाटक के छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा
इस साल सबसे ज्यादा सीटें कर्नाटक में जोड़ी गई हैं, यहां के छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। बता दें, कर्नाटक में 1,300 सीटें जोड़ी गई हैं। जिसके बाद राज्य में कुल सीटों की संख्या 15,395 हो गई है। वहीं दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, यहां 950 सीटें जोड़ी गई हैं। जिसके बाद तमिलनाडु में कुल सीटों की संख्या 13,999 हो गई है। राजस्थान ने 900 सीटें जोड़ी हैं, जिससे कुल सीटों की संख्या 8,080 हो गई है।
यह भी पढ़ें: IIT online Courses: बिना JEE पास किए भी मिलेगा IIT में पढ़ने का मौका, जानें टॉप ऑनलाइन कोर्सेज की लिस्ट
किस राज्य में कितनी सीटें
पश्चिम बंगाल में 825 नई सीटें जोड़ी गई है, जिसके बाद यहां पर कुल सीटों की संख्या बढ़कर 7,200 हो गई हैं। तेलंगाना में भी 810 नई सीटें जोड़ी गई हैं, जिसके बाद कुल सीटों की संख्या 10,250 हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में 800 नई सीटें जुड़ी हैं, यहां पर कुल सीटों की संख्या 14,000 पहुंच गई है। बिहार को 740 नई सीटें मिली हैं, जिससे कुल सीटें 4,160 हो गई हैं. जबकि महाराष्ट्र में 400 सीटें जुड़ी हैं, जिससे MBBS सीटों की कुल संख्या 13,099 हो गई है।
NMC ने कॉलेजों को दिए सख्त निर्देश
आयोग ने साफ किया है कि इस सीट मैट्रिक्स में नए मेडिकल कॉलेज खोलने और मौजूद एमबीबीएस कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए 'मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड' (MARB) से मंजूरी शामिल है। इसके साथ ही NMC ने सभी मेडिकल कॉलेजों को सख्त निर्देश दिया है कि एडमिशन केवल तय और मंजूर की गई सीटों पर ही होने चाहिए, किसी भी परिस्थिति में तय सीमा से एक भी ज्यादा सीट पर एडमिशन मान्य नहीं होगा।