Tragic accident in Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब बजरी से भरा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। कार में सवार सभी सात लोग एक ही परिवार के थे, जो सैयद माजरा गांव से गंगोह में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ, जहां मौत मानो उनका इंतजार कर रही थी। टक्कर और वजन के चलते 5 फीट लंबी कार दबकर सिर्फ 2 फीट की रह गई।
डंपर तेज और ओवरलोड
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्राम प्रधान के अनुसार डंपर तेज रफ्तार में था और भारी ओवरलोड था। लोगों ने दावा किया कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी, जिसके चलते ब्रेक लगाने के बाद भी उसने नियंत्रण खो दिया और डंपर कार पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि परिवार कार में ही दबकर तड़पता रह गया। बाद में तीन क्रेन बुलाकर डंपर को हटाया गया और कार की छत काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मामले में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। अब जांच यह पता लगाने पर केंद्रित है कि हादसा महज़ लापरवाही का नतीजा था या फिर ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग की वजह से यह भयावह घटना हुई। पुलिस ने डंपर चालक की भूमिका की जांच भी तेज कर दी है।