
Mourning in Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर जिले के मतोड़ा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बीकानेर के कोलायत दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर (टूरिस्ट बस) भारत माला एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 18 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जोधपुर के कलेक्टर और एसपी को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
यह भी देखेंःBihar Election 2025: पीएम मोदी का पटना में मेगा रोड शो, पटना साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था
जांच में जुटी पुलिस
थानाधिकारी अमानाराम ने हादसे में 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे के समय बस की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश और एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक विकास राजपुरोहित भी ट्रॉमा सेंटर में मौजूद हैं, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।