
त्योहारी सीजन से पहले रेल यात्रियों को बड़ा झटका लगा है. पूर्वोत्तर रेलवे ने 19 से 30 सितंबर 2025 तक 63 जोड़ी ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है. साथ ही 26 ट्रेनों के रास्ते भी बदल दिए गए हैं. यह फैसला गोरखपुर जंक्शन-डोमिनगढ़ (4 किमी) तक तीसरी रेल लाइन और गोरखपुर-नकहा जंगल (5 किमी) तक दोहरीकरण के काम के लिए लिया गया है. रेलवे का कहना है कि यह काम रेल सेवाओं को बेहतर बनाएगा. लेकिन दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों से ठीक पहले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
क्यों रद्द हुईं ट्रेनें?
गोरखपुर जंक्शन पर तीसरी लाइन और दोहरीकरण का काम 22 सितंबर से शुरू होगा. इसके लिए 22 सितंबर को प्री-इंटरलॉक और 23 से 26 सितंबर तक नॉन-इंटरलॉक कार्य के लिए रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक लिया जाएगा. 26 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त इस काम का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे का दावा है कि इस काम से भविष्य में ट्रेनों की देरी कम होगी और त्योहारों में ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकेंगी.
क्या होंगे फायदे?
तीसरी लाइन और दोहरीकरण से रेलवे की क्षमता बढ़ेगी. इससे ज्यादा ट्रेनें तेजी से चल सकेंगी. यात्री ट्रेनों का संचालन सुचारू होगा और मालगाड़ियों की ढुलाई में भी सुधार होगा. इससे ट्रेनों की समयबद्धता बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें : Patna में हंगामा: BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में 'लाठी युद्ध', PM Modi पर अपमानजनक टिप्पणी के बाद मच गया तहलका
कौन-सी ट्रेनें रद्द हैं?
19 से 30 सितंबर तक रद्द होने वाली 63 जोड़ी ट्रेनों में गोरखधाम एक्सप्रेस (12555/12556), हमसफर एक्सप्रेस (12571/12572), गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (15017/15018), गोरखपुर-अमृतसर (22423/22424), गोरखपुर-जम्मूतवी (12587/12588), और गोरखपुर-पनवेल (15065/15066) जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-छपरा और नरकटियागंज-गोरखपुर जैसी पैसेंजर और डेमू ट्रेनें भी रद्द रहेंगी. ये ट्रेनें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, जम्मूतवी और अमृतसर जैसे बड़े शहरों को जोड़ती हैं.
किन ट्रेनों के रास्ते बदले?
26 ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं. जैसे, कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस (15707/15708) अब छपरा-वाराणसी-प्रयागराज के रास्ते चलेगी और बांद्रा-बरौनी एक्सप्रेस (19037/19038) लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी के रास्ते जाएगी. इनके बदले रास्तों से गोरखपुर, बस्ती, सीवान जैसे स्टेशन छूट जाएंगे जिससे यात्रियों को असुविधा होगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वो यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति रेलवे की वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से जांच लें. इस ब्लॉक से गोरखपुर, बिहार, और यूपी के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी.