भारत में हर दिन लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं और कई बार ट्रेन देरी से चलती है। खराब मौसम, तकनीकी दिक्कत या अन्य कारणों से यात्रियों को परेशानी होती है। लेकिन अच्छी बात यह है कि भारतीय रेल यात्रियों को राहत देने के लिए खास नियम देती है। अगर आपकी ट्रेन काफी देर से लेट हो जाए और आप यात्रा नहीं करना चाहते, तो आप पूरा टिकट रिफंड पा सकते हैं। यह सुविधा सभी प्रकार के टिकट पर लागू होती है, लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें और सही समय पर प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। अगर नियम समझ लें, तो पैसा वापस लेना बिल्कुल आसान हो जाता है।
कब मिलेगा पूरा टिकट रिफंड
अगर ट्रेन अपने तय समय से 3 घंटे या उससे ज्यादा देर से चल रही है और आप यात्रा नहीं करना चाहते, तो आप फुल रिफंड के हकदार हैं। यह नियम कन्फर्म, RAC और वेटिंग—तीनों प्रकार के टिकट पर लागू होता है। यानी अगर ट्रेन 4 घंटे या उससे ज्यादा लेट है और आप सफर रद्द करने का फैसला लेते हैं, तो पूरा पैसा वापस मिल सकता है। लेकिन ध्यान रखें कि रिफंड तभी मिलेगा जब आप तय समय पर टिकट कैंसिल करने या क्लेम करने की प्रक्रिया पूरी करें। बिना प्रक्रिया पूरी किए सिर्फ यात्रा न करने से पैसा वापस नहीं मिलेगा।
ये भी पढ़ें : Cash और Card की छुट्टी? Digital दुनिया में UPI का दबदबा 80% के पार
ऑनलाइन टिकट वालों के लिए जरूरी प्रक्रिया
अगर आपने टिकट ऑनलाइन बुक की है, तो आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप पर जाकर TDR (Ticket Deposit Receipt) फाइल करना होगा। यह काम ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से पहले करना जरूरी है। TDR भरने के बाद आपका रिफंड प्रोसेस शुरू हो जाता है और आमतौर पर 3 से 7 कार्य दिवस में पैसा उसी बैंक खाते में वापस आ जाता है, जिससे टिकट बुक की गई थी। अगर ट्रेन निकल जाने के बाद आप टिकट कैंसिल करते हैं या TDR भरते हैं, तो पूरा रिफंड नहीं मिल पाएगा।
काउंटर टिकट वालों के लिए नियम
अगर आपने रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से टिकट खरीदी है, तो ट्रेन लेट होने पर खुद काउंटर पर जाकर टिकट कैंसिल कराना होगा। बिना टिकट कैंसिल कराए रिफंड नहीं मिलेगा। इसलिए समय पर कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। ऑनलाइन टिकट के लिए ऐप या वेबसाइट और ऑफलाइन टिकट के लिए रिजर्वेशन काउंटर से ही रिफंड क्लेम किया जाता है। ध्यान रखें कि अगर ट्रेन समय पर है और आप सामान्य रूप से टिकट कैंसिल करते हैं, तो कैंसिलेशन चार्ज देना पड़ सकता है। यह चार्ज टिकट के प्रकार और कैंसिल करने के समय पर निर्भर करता है।