.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dd21d54dd-a55f-4a24-ad0c-c02764b8f99e&w=3840&q=75)
Trump's big meeting: गाजा में जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब इसका भविष्य तय करने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहे हैं। अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने जानकारी दी है कि बुधवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें गाजा में जंग खत्म होने के बाद प्रशासन और प्रबंधन को लेकर व्यापक योजना पर चर्चा होगी। यह पहली बार है जब अमेरिकी प्रतिनिधियों ने युद्ध के बाद की रणनीति पर खुलकर बयान दिया है।
ट्रंप का रुख और अमेरिकी योजना
विटकॉफ ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि यह योजना राष्ट्रपति ट्रंप की मानवीय सोच को दिखाएगी और पूरी दुनिया देखेगी कि यह कितनी मजबूत और सकारात्मक है। उन्होंने युद्धविराम को लेकर प्रशासन की आधिकारिक स्थिति को भी दोहराया। गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में इजरायल के हमलों का बचाव किया था। उनका कहना था कि गाजा में कार्रवाई नरसंहार नहीं है बल्कि 7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले के बाद उठाया गया जरूरी कदम है। हमास ने उस दिन 1,200 निर्दोष लोगों की हत्या की थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया था।
गाजा में तबाही और मानवीय संकट
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों का दावा है कि इजरायल के जवाबी हमलों में अब तक 62,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और डेढ़ लाख से ज्यादा घायल हैं। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि लोगों को भुखमरी का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय अदालतों में इजरायल पर नरसंहार और युद्ध अपराधों के आरोप भी लगाए गए हैं। ऐसे में व्हाइट हाउस की यह बैठक अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें यह तय किया जाएगा कि युद्ध के बाद गाजा के हालात को कैसे संभाला जाए और वहां के लोगों को राहत कैसे दी जा सके।