डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से अपना दावा दोहराया है या फिर यूं कहें कि अपनी पीठ थपथपाई है. दरअसल ट्रंप का कहना है कि बीते मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच शुरू हुआ संघर्ष, युद्ध की ओर बढ़ रहा था, लेकिन उन्होंने दोनों ही देशों को भारी टैरिफ लगाने की धमकी देकर इसे शांत करा दिया. अपने एक बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये भी कहा है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान को 350% का हाई टैरिफ लगाने की धमकी दी थी.
350% टैरिफ लगाने की धमकी देकर रुकवाया युद्ध- ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फिर से ये दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को 350% टैरिफ लगाने की धमकी से रुकवा दिया था. इसके साथ ही ट्रंप ने इस बात का दावा करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उन्हें फोन करके कहा था, कि हम पाकिस्तान से जंग नहीं करने जा रहे हैं.
गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार ऐसे दावे कर चुके हैं लेकिन भारत की तरफ से लगातार यही कहा जा रहा है कि इस युद्धविराम में किसी भी तीसरे देश को कोई रोल नहीं था.
यूएस-सऊदी इन्वेट्मेंट फोरम में किया दावा
रिपोर्ट के अनुसार यूएस-सऊदी इन्वेट्मेंट फोरम को डोनाल्ड ट्रंप संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान से कहा था कि दोनों न्यूक्लियर-आर्ड पड़ोसी देश लड़ सकते हैं लेकिन ऐसा करने पर दोनों ही देशों पर मैं 350 फीसदी का भारी टैरिफ लगा दूंगा. ट्रंप के साथ इस कार्यक्रम में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान भी मौजूद थे
ये भी पढ़ें : Modi की इस योजना से बिनागारंटी मिल रहा 90,000 रुपये तक का लोन, सिर्फ AadharCard सेशुरू कर सकते हैं बिजनेस
विश्व के 8 में से 5 युद्ध टैरिफ के कारण निपटे- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने बयान में आगे कहा कि किसी भी देश का कोई राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता है, लेकिन मैंने इन सभी युद्धों को निपटाने के लिए टैरिफ को हथियार बनाकर इसका इस्तेमाल किया. उन्होंने फिर से बड़ा दावा करते हुए ये कहा है कि विश्व के आठ युद्धों में से 5 युद्ध को सिर्फ टैरिफ के चलते ही निपटाया गया है. उन्होंने कहा कि 'मैंने उनसे कहा था कि मैं नहीं चाहूंगा कि तुम एक-दूसरे पर परमाणु हथियार चलाओ, लाखों लोगों को मार डालो और लॉस एंजेलिस पर परमाणु धूल उड़ती रहे.'
60 बार दावा, बदलते रहे टैरिफ रेट
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान का युद्ध रुकवाने का ये दावा बीती 10 मई को दोनों देशों के बीच हुए सीजफायर के बाद से अब तक 60 से ज्यादा बार किया जा चुका है. इसमें खास बात तो ये है कि ट्रंप द्वारा लगातार दोहराए जाने वाले इस दावे में उनका बयान एक जैसा ही रहा है, लेकिन टैरिफ की दर बदलते हुए 200% से अब 350% तक पहुंच गई है. हालांकि इस बार एक और अलग बात ये हुई है कि उन्होंने इंडिया-पाक सीजफायर समझौते से पहले के आखिरी घंटों में जो कुछ हुआ, उसके बारे में भी बताया है.
'सबसे पहले आया शहबाज का फोन...'
फोरम में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि वह दोनों देशों पर 350% कर लगाने को पूरी तरह से तैयार थे. ऐसे में उनके पास सबसे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का फोन आया था, जिन्होंने लाखों लोगों की जान बचाने के लिए उनका धन्यवाद किया.
इसके साथ ही पीएम मोदी के बारे में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री से पूछा कि 'आपका काम क्या हो गया?' तब उन्होंने जवाब दिया था कि हम युद्ध नहीं करने जा रहे हैं.
हालांकि भारत द्वारा युद्धविराम के बाद से ही इसमें किसी भी तीसरे देश के दखल की बात से इनकार किया जा रहा है. भारत ने पहलगाम हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद इसके जवाब में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के भीतर 9 आतंकी शिविरों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया था.