
Gaza Peace Plan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की व्हाइट हाउस में हुई मुलाकात के बाद गाज़ा संघर्ष को लेकर बड़ा ऐलान किया गया है। ट्रंप ने हमास को अपनी 20-सूत्रीय शांति योजना स्वीकार करने के लिए 3 से 4 दिन का समय दिया है। इस प्रस्ताव में युद्धविराम, 72 घंटों में बंधकों की रिहाई, हमास का निरस्त्रीकरण और गाज़ा से इज़रायली सेना की चरणबद्ध वापसी शामिल है। ट्रंप ने कहा कि इस योजना को लागू करने के बाद गाज़ा में स्थायी शांति स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
ट्रंप की कड़ी चेतावनी
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने साफ किया कि लगभग सभी संबंधित पक्ष उनकी शांति योजना पर सहमत हो चुके हैं, लेकिन अब फैसला हमास के हाथ में है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “सभी अरब और मुस्लिम देश इस पर सहमत हो चुके हैं। इज़राइल भी तैयार है। अब हमास या तो इस योजना को मान ले या फिर गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।” एक फ़िलिस्तीनी सूत्र के अनुसार, हमास ने अपने राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है, लेकिन युद्ध की जटिलता के कारण चर्चा में समय लग सकता है।
यह भी देखेंःPOCSO court in Muzaffarnagar: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दोषी को 20 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना
नेतन्याहू का रुख
इज़रायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप की योजना का समर्थन करते हुए कहा कि यह उनके युद्ध के उद्देश्यों को पूरा करने का अवसर है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “अगर हमास इस योजना को ठुकराता है या इसे स्वीकार कर बाद में शर्तों का उल्लंघन करता है, तो इज़राइल अकेले ही अपने अभियान को पूरा करेगा।” ट्रंप ने भी इस पहल को “सभ्यता के इतिहास का सबसे महान दिन” करार देते हुए उम्मीद जताई कि यह योजना गाज़ा में लंबे समय से चल रहे युद्ध को समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी।