Trump-Modi phone conversation: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है। यह जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। टैरिफ वॉर के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी के बीच इसे नए साल में दोनों नेताओं की पहली सीधी बातचीत माना जा रहा है, जिससे कूटनीतिक हलकों में खास दिलचस्पी देखी जा रही है।
राजदूत सर्जियो गोर ने दी जानकारी
दिल्ली स्थित अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बातचीत हुई है। हालांकि उन्होंने बातचीत के विषयों का खुलासा नहीं किया। गोर ने अपने संक्षिप्त संदेश में लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की। जुड़े रहें।” इस पोस्ट के बाद दोनों देशों के संबंधों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
कूटनीतिक समय का खास महत्व
यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है जब भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर वॉशिंगटन की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इसके अलावा यूरोपीय संघ के साथ भारत की हालिया बड़ी डील के बाद यह संपर्क दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बातचीत में व्यापार और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई होगी।
यह भी देखेंःViolates fundamental rights: धर्मांतरण कानूनों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का मामला
इंडिया गेट की ट्रंप ने की तारीफ
फोन कॉल की खबर के साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट की तस्वीर साझा की। उन्होंने इसे भारत का खूबसूरत विजय द्वार बताया और कहा कि अमेरिका भी वॉशिंगटन डीसी में ऐसा ही एक भव्य स्मारक बनाएगा, जो दुनिया के सबसे शानदार स्मारकों में शामिल होगा।
वॉशिंगटन में भव्य स्मारक की योजना
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनका प्रशासन वॉशिंगटन डीसी में एक विशाल ‘आर्क’ बनाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह स्मारक आकार और भव्यता में दुनिया के सभी आर्क्स से बड़ा होगा। इसके लिए एक विशेष समिति गठित करने की भी बात कही गई है, जो इस परियोजना को आगे बढ़ाएगी।