अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल की शुरुआत में कई देशों पर टैरिफ लगाए थे। सरकार का कहना था कि इससे घरेलू उद्योग को मजबूती मिलेगी और विदेशी सामान पर निर्भरता कम होगी। लेकिन अब एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि इन टैरिफ का बोझ खुद अमेरिकी कंपनियों और उपभोक्ताओं पर पड़ा है।
रिपोर्ट में क्या सामने आया
जेपी मॉर्गन चेस इंस्टीट्यूट की हालिया रिसर्च के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले अमेरिकी कंपनियों द्वारा चुकाया गया टैरिफ करीब तीन गुना तक बढ़ गया है। एसोसिएटेड प्रेस ने इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि टैरिफ नीतियों का सीधा असर व्यापार लागत पर पड़ा है। अमेरिका में करीब 4.8 करोड़ लोग निजी कंपनियों में काम करते हैं और इन कंपनियों पर बढ़ती लागत का दबाव साफ दिख रहा है।
कंपनियों पर बढ़ा दबाव
रिपोर्ट के अनुसार कई कंपनियों को अपनी लागत बढ़ने के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं। कुछ जगह नई भर्तियों पर रोक लगी है और मुनाफा भी प्रभावित हुआ है। शोध निदेशक शी मैक के अनुसार कारोबारी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। खासकर चीन के साथ व्यापार में कमी दर्ज की गई है और कई कंपनियां अब एशिया के अन्य देशों की ओर रुख कर रही हैं।
ये भी पढ़ें : तनाव के दौर में भारत को बड़ी राहत, विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर, फिर भी क्यों दबाव में रुपया?
चीन पर निर्भरता में कमी
आंकड़े बताते हैं कि चीनी उत्पादों पर निर्भरता कुछ हद तक घटी है। अक्टूबर 2024 की तुलना में चीन को किए गए भुगतान में करीब 20 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि यह साफ नहीं है कि सप्लाई चेन पूरी तरह अन्य देशों में शिफ्ट हुई है या माल किसी और रास्ते से अमेरिका पहुंच रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस ने इस रिपोर्ट से असहमति जताई है। प्रेस सचिव कुश देसाई ने कहा कि रिपोर्ट के निष्कर्ष सही तस्वीर नहीं दिखाते। उनके अनुसार राष्ट्रपति की नीतियां देशहित में हैं और लंबे समय में अमेरिका को फायदा होगा। प्रशासन का कहना है कि टैरिफ से घरेलू उद्योग मजबूत होगा।
आगे क्या असर हो सकता है
रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि टैरिफ का असर सिर्फ अंतरराष्ट्रीय व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव लागत, रोजगार और मुनाफे पर भी पड़ा है। आने वाले समय में यह साफ होगा कि टैरिफ नीति अमेरिका की अर्थव्यवस्था को कितना फायदा या नुकसान पहुंचाती है। फिलहाल व्यापारिक माहौल में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।