Trumps Message from Davos: विश्व आर्थिक मंच के लिए स्विट्ज़रलैंड के दावोस में मौजूद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की है। ट्रंप ने पीएम मोदी को “बेहतरीन नेता” बताते हुए कहा कि भारत के साथ भविष्य में एक मजबूत और सकारात्मक समझौता होने की उम्मीद है। उनके इस बयान को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
पीएम मोदी को लेकर क्या बोले ट्रंप
दावोस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए उनके मन में गहरा सम्मान है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना मित्र बताते हुए कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण साझेदार है और दोनों देशों के बीच रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत होंगे। ट्रंप के मुताबिक, भारत के साथ होने वाला समझौता दोनों देशों के हित में होगा।
यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की राय
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप ने दावा किया कि हालात अब समझौते की दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उस मोड़ पर पहुंच चुके हैं, जहां युद्ध खत्म करने पर सहमति बन सकती है। ट्रंप ने संकेत दिया कि वह इस मुद्दे पर जेलेंस्की से बातचीत भी करेंगे।
यह भी देखेंःNAB completes 75 years: NAB के 75 साल पूरे, नीता अंबानी ने दृष्टिबाधित समुदाय के लिए ₹5 करोड़ सहयोग का ऐलान
पुतिन और जेलेंस्की पर टिप्पणी
ट्रंप ने दोनों नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वे शांति समझौते तक नहीं पहुंचते हैं, तो यह उनकी बड़ी चूक होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुतिन युद्ध समाप्त करना चाहते हैं और जेलेंस्की भी समझौते के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, पहले भी समझौते की कोशिशें हुई थीं, लेकिन अब हालात ज्यादा अनुकूल हैं।
मध्यस्थता के दावे और वैश्विक संकेत
अपने संबोधन में ट्रंप ने यह भी दोहराया कि उन्होंने दुनिया के कई संघर्षों में मध्यस्थता की है। भारत-पाकिस्तान समेत कई विवादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका शांति की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। दावोस से आए इन बयानों ने वैश्विक राजनीति में एक बार फिर ट्रंप को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।