Tulsi Plant Vastu: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र माना जाता है। घर में तुलसी लगाने से जुड़ी कई धार्मिक मान्यताएं हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, तुलसी का पौधा सही दिशा में रखना शुभ माना जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि घर में तुलसी का पौधा किस दिशा में रखना चाहिए और इससे जुड़े किन नियमों का ध्यान रखना जरूरी है।
उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण)
वास्तु शास्त्र के अनुसार, उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण को पूजा-पाठ के लिए बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में तुलसी का पौधा रखने से घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है. इससे परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम बढ़ता है. इसके अलावा घर में शांतिपूर्ण माहौल बनता है.
पूर्व दिशा
कई बार घर में उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा में तुलसी का पौधा रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होती है. ऐसे में आप पूर्व दिशा में भी तुलसी का पौधा रख सकते हैं. वास्तु शास्त्र में इस दिशा को भी शुभ माना गया है. मान्यता है कि यहां तुलसी का पौधा रखने से घर में सुख-शांति और सकारात्मक माहौल बना रहता है.
उत्तर दिशा
वास्तु शास्त्र में उत्तर दिशा को धन और समृद्धि के देवता कुबेर की दिशा माना जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में तुलसी का पौधा रखने से आर्थिक उन्नति के रास्ते खुल सकते हैं. अगर आप नौकरी में तरक्की पाना चाहते हैं या कारोबार में आ रही परेशानियों से जूझ रहे हैं, तो उत्तर दिशा में तुलसी रखना शुभ माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से धन संबंधी समस्याएं कम होती हैं.
साफ-सफाई का रखें ध्यान
तुलसी को भगवान विष्णु का प्रिय पौधा माना जाता है. इसलिए इसके आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. तुलसी के पौधे के पास कूड़ादान, जूते-चप्पल या गंदगी नहीं रखनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: कलावा कितने दिन तक पहनना होता है शुभ? जानें किस दिन उतारें पुरानी मौली और क्या हैं इसके धार्मिक नियम
सूखा पौधा न रखें
अगर किसी वजह से तुलसी का पौधा सूख जाए, तो उसे घर में ज्यादा समय तक नहीं रखना चाहिए. मान्यता के अनुसार, सूखे पौधे को सम्मानपूर्वक हटाकर किसी पवित्र नदी में प्रवाहित कर सकते हैं. इसके बाद उसकी जगह नया तुलसी का पौधा लगा लें. वास्तु में घर में सूखी तुलसी रखना शुभ नहीं माना जाता है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है loksatya इसकी पुष्टि नहीं करता है।