ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उनके पति समर्थ सिंह को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इस मामले ने भोपाल समेत पूरे देश में चर्चा बटोरी है।
समर्थ पक्ष ने कोर्ट में क्या कहा
समर्थ सिंह के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि यह दहेज प्रताड़ना का मामला नहीं है और पैसों के लेन-देन का कोई ठोस सबूत मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्विशा की मानसिक स्थिति सामान्य थी और घटना वाले दिन वह पार्लर भी गई थीं। साथ ही उसी दिन ऑनलाइन पार्सल भी मंगाया गया था, जिसे अब तक खोला नहीं गया।
वकील ने यह भी कहा कि ट्विशा जिन दवाइयों का सेवन कर रही थीं, उनकी भी जांच होनी चाहिए। बचाव पक्ष ने सवाल उठाया कि अगर प्रताड़ना हो रही थी तो ट्विशा बार-बार ससुराल क्यों लौटती थीं।
परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
पीड़ित पक्ष के वकील ने कोर्ट में कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका बनी हुई है क्योंकि घर अभी भी आरोपी पक्ष के नियंत्रण में है।
ये भी पढ़ें : Shubhendu सरकार का बड़ा ऐलान! महिलाओं को ₹3000 मदद, फ्री बस यात्रा समेत 5 बड़े फैसले
वकील ने यह भी सवाल उठाया कि अगर ट्विशा की हालत गंभीर थी तो तीसरी मंजिल पर ही CPR क्यों नहीं दिया गया और उन्हें नीचे क्यों लाया गया। परिवार की ओर से कहा गया कि व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूत जांच का अहम हिस्सा हैं।
5 महीने पहले हुई थी शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी 12 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। शादी के बाद ट्विशा भोपाल में अपने पति के साथ रहने लगी थीं।
12 मई को मिला था शव
12 मई की रात ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस जांच जारी है। ट्विशा मॉडलिंग, एक्टिंग और मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने के कारण भी चर्चा में रही थीं।
जांच पर टिकी सबकी नजर
अब कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत खारिज किए जाने के बाद मामले की जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।