इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने 2026 में होने वाले अंडर-19 मेंस वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है और इस बार एक बड़ा बदलाव सबका ध्यान खींच रहा है। टूर्नामेंट जनवरी से फरवरी के बीच खेला जाना है, लेकिन भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखकर ICC ने बड़ा फैसला लिया है. इससे दोनों टीमों का मुकाबला ग्रुप स्टेज में नहीं होगा. राजनीतिक तनाव और हाल ही में सीमा पर हुए टकराव के बाद भारत-पाक मैचों पर लगातार सवाल उठ रहे थे. इसके बावजूद आईसीसी ने टी20 और महिलाओं के वर्ल्ड कप में दोनों टीमों को एक-दूसरे के सामने रखा था, लेकिन इस बार U-19 स्तर पर यह बदलाव किया गया है.
16 टीमें हिस्सा, चार ग्रुप में बांटा गया
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं और इन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है. भारत को ग्रुप A में जगह मिली है, जहां उसके साथ न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और अमेरिका जैसी टीमें शामिल हैं. भारत का पहला मैच 15 जनवरी को बुलावायो में अमेरिका के खिलाफ होगा. पांच बार चैंपियन भारत को इस बार भी खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. दूसरी ओर पाकिस्तान को ग्रुप B में मेजबान जिम्बाब्वे, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के साथ जगह दी गई है.
नॉकआउट राउंड में आमने-सामने आ सकती हैं
वहीं मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप C में आयरलैंड, जापान और श्रीलंका के साथ रखा गया है. ग्रुप D में तंजानिया, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं. दिलचस्प बात ये है कि पिछले दो U-19 वर्ल्ड कप में भी भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में थे और उनका आपस में कोई मैच नहीं हुआ था. इस बार भी स्थिति कुछ वैसी ही है, हालांकि सुपर-6 या नॉकआउट राउंड में दोनों टीमें आमने-सामने आ सकती हैं.
इसे भी पढ़ें : UP में मदरसों पर Yogi सरकार का बड़ा एक्शन, ATS की एंट्री से मच गई खलबली, पढ़ें आदेश
ग्रुप-स्टेज कार्यक्रम भी सामने आया
भारत का पूरा ग्रुप-स्टेज कार्यक्रम भी सामने आ गया है. टीम इंडिया 17 जनवरी को बांग्लादेश और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। तीनों ही मैच जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले जाएंगे. टीम इंडिया के प्रदर्शन पर हर किसी की नजर होगी, क्योंकि U-19 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड सबसे शानदार रहा है. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि ग्रुप स्टेज में भले ही भारत-पाकिस्तान मैच नहीं है, लेकिन क्या इस बार नॉकआउट में दोनों की हाई-वोल्टेज टक्कर देखने को मिलती है या नहीं.